छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में NH-30 पर एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

NH-30 पर पलटी बस
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. सोमवार को सुबह के समय नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर एक बस अनियंत्रित हो गई. बताया जा रहा है कि हाईवे पर एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक इस दौरान एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
35 से ज्यादा लोग थे सवार
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बस रायपुर से सुकमा की तरफ नेशनल हाईवे से होती हुई जा रही थी. इस दौरान बस के अंदर 35 से ज्यादा यात्री सवार थे. सोमवार तड़के ज्यादातर यात्री जब सो रहे थे, इसी दौरान ड्राइवर को भी अचानक झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित हो गई. जिसके बाद यह कंट्रोल से बाहर हो गई और तेज रफ्तार में हाईवे पर ही पलट गई.
20 से ज्यादा लोग घायल
बताया जा रहा है कि इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कवर्धा की रहने वाली पदमनी चंद्रवंशी की इस घटना में मौके पर ही मौत हो गई. मृतका सुकमा जिले के दोरनापाल में मौजूद एक स्कूल में टीचर थी और अपनी ड्यूटी पर जा रही थीं.
घायलों का चल रहा इलाज
हाईवे पर हादसा होने के बाद आस-पास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी. लोगों ने बस के शीशे और खिड़कियों को तोड़कर अंदर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला. पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत ही एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सभी घायलों का इलाज जारी है.
यह भी पढे़ं- 2 देशों के दौरे पर निकले रक्षा मंत्री, समुद्री सहयोग पर रहेगा फोकस; करेंगे कई रणनीतिक बैठकें
