छत्तीसगढ़ में शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी ही पत्नी का गला दबाकर उसी हत्या कर दी. पुलिस ने मृत महिला के बेटे की शिकायत पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से मामले को लेकर और हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है.
पति ने की पत्नी की हत्या
छत्तीसगढ़ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. छत्तीसगढ़ के एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले में एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप का माहौल बना हुआ है. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के चनवारीडार वार्ड नंबर 1 की है. बताया जा रहा है कि आरोपी पति नशे में धुत थी और इसी दौरान उसने इस वारदात को अंजाम दिया.
सुबह के समय से हो रहा था झगड़ा
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को शाम के समय राजू पेंटर और उसकी पत्नी सुब्रतिया के बीच में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. जानकारी के मुताबिक दोनों सुबह से ही नशे की हालत में थे और इसी बीच उनके बीच लगातार झगड़ा होता रहा. बताया जा रहा है कि शाम के समय घर के पास मौजूद कुएं के पास में दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई और गंभीर विवाद में बदल गई.
साड़ी से दबाया पत्नी का गला
दोनों के बीच में विवाद इस हद तक बढ़ गया कि राजू पेंटर ने अपनी पत्नी की साड़ी से उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. पत्नी को मारने के बाद में वह वहीं पर बैठा रहा, जिसके बाद उसके बेटे ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आरोपी पति राजू पेंटर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
शराब के आदी थे पति-पत्नी
पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति और पत्नी दोनों लोग शराब के आदी थे और इसी कारण दोनों के बीच में विवाद होता रहता था. पुलिस का कहना है कि फिलहाल अभी तक हत्या के पीछे का कारण सामने नहीं आ पाया है. पुलिस मामले में लगातार जांच कर रही है और आरोपी पति से पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें- नशे में बेकाबू हुआ दरोगा, तेज रफ्तार कार से सड़क पर मचाई तबाही, युवक और 2 बच्चियों को मारी टक्कर
