छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मौजूद संजय पार्क में 4-5 आवारा कुत्ते घुस गए और वहां मौजूद लगभग 15 हिरण और कोटरी को मार डाला. इस हादसे के बाद वन विभाग की लापरवाही साफ तौर पर नजर आ रही है. मामले को दबाने की कोशिश भी की गई थी.
हिरणों की सामूहिक मौत
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. अंबिकापुर के संजय पार्क में हिरण और कोटरी जैसे वन्यजीवों की सामूहिक मौत हुई है. इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचाकर रख दिया है. जानकारी के मुताबिक यह घटना वन विभाग की लापरवाही के चलते हुई है. पार्क प्रबंधन की लापरवाही से रविवार को दोपहर में बाड़े का गेट खुला रह गया था.
कुत्तों ने किया हिरणों पर हमला
बताया जा रहा है कि गेट खुला रहने से 4-5 आवार कुत्ते पार्क के अंदर घुस गए, जिसके बाद वहां मौजूद वन्यजीवों पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि संजय पार्क के अंदर बाड़ा बनाकर बड़ी संख्या में हिरण, बारहसिंगा और कोटरी जैसे जानवरों को रखा गया था. यहां सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई और लापरवाही के चलते कुत्तों ने इन जानवरों के ऊपर हमला कर दिया.
15 हिरणों और कोटरी की मौत
इस हमले में लगभग 15 हिरणों और कोटरी की मौत हो गई है, इसी के साथ कुछ घायल भी हुए हैं. इस घटना के बाद भी पार्क के परिसर में एक हिरण का शव खुले में पड़ा हुआ था. बताया जा रहा है कि इस घटना को छिपाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों और संजय पार्क के प्रबंधन ने मिलकर मरे हुए जानवरों को पार्क के पीछे मौजूद जंगल में जलाने की कोशिश भी की थी.
पार्क को किया गया बंद
आपको बता दें कि मौके से हिरण और कोटरी के जले हुए अवशेष भी मिले हैं. जानकारी के मुताबिक जिस जगह पर जानवरों के शवों को जलाया गया था, वहां से खून से लथपथ एक हथियार भी बरामद हुआ है. इसी के साथ जानवरों के कुछ शवों को ग्रीन पर्दा लगाकर जंगल में दफनाने की कोशिश भी की गई. जिसके बाद वन विभाग की लापरवाही साफ नजर आ रही है. इस पार्क को फिलहाल 3 दिनों के लिए आम लोगों के लिए बंद किया गया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में वीकेंड के बाद सुहावना मौसम! सुबह हुई बारिश से ठंडी हुई फिजा; जानें आगे का क्या अपडेट
