Chief Minister Entrepreneurship Forum 2026:उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ के अंतर्गत चौपाल – 2026 का शुभारंभ किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है.
Dehradun News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहात और शहरों में स्वरोजगार को रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है. देहरादून के मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026’ के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने ऐलान किया कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने और महिला उद्यमियों को मजबूत बनाने के लिए देहरादून के 13 गांव (आईटी पार्क) में राज्य स्तरीय विपणन केंद्र (State Level Marketing Center) स्थापित किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ‘लखपति दीदियों’ और महिला उद्यमियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया.
जानिए कार्यक्रम की 5 प्रमुख बातें
13 हजार से अधिक उद्यमियों को सीधा लाभ
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के जरिए प्रदेश में अब तक 13,000 से अधिक उद्यमियों को आर्थिक और तकनीकी मदद दी जा चुकी है। इसमें 8,000 से अधिक महिलाएं और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की सदस्य शामिल हैं।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ से ग्लोबल पहचान
राज्य के स्थानीय उत्पादों जैसे मंडुवा, झंगोरा, पहाड़ी दालें, जड़ी-बूटियां, हस्तशिल्प और ऊनी कपड़ों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ (House of Himalayas) अंब्रेला ब्रांड के तहत मार्केटिंग की जा रही है.
पलायन रोकने पर फोकस
‘ग्रामोत्थान परियोजना’ (रीप) और ग्रामीण हाट व्यवस्था के माध्यम से गांवों में ही रोजगार सृजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को काम की तलाश में गांव न छोड़ना पड़े.
सभी 13 जिलों में उद्यमशाला चौपाल
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के सभी 13 जनपदों में चौपालों का आयोजन और प्रचार वैन की रवानगी की जा रही है.
पुस्तकों व ट्रेनिंग मॉड्यूल्स का विमोचन
आजीविका मिशन की वार्षिक रिपोर्ट के साथ-साथ शिशुओं के पोषण, कृषि क्लस्टर और महिलाओं में एनीमिया रोकथाम से जुड़े विशेष मॉड्यूल लॉन्च किए गए.
