CM Yogi Adityanath visit Singapore: सिंगापुर दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों के साथ लगातार बैठकें कर राज्य में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की. दौरे के पहले दिन विभिन्न कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से मुलाकात कर औद्योगिक सहयोग, दीर्घकालिक साझेदारी और निवेश संभावनाओं पर चर्चा की गई.
टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन से मुलाकात
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की प्रमुख निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टीओ ची हीन और उनकी टीम से मुलाकात की. बैठक में कंपनी के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ. मुख्यमंत्री ने अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवाएं, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास और अन्य उभरते क्षेत्रों में निवेश का आमंत्रण दिया.
500-500 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक के दौरान मणिपाल अस्पताल द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश की जानकारी साझा की गई. यह निवेश स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार में सहायक हो सकता है. इसके अलावा, रियल एस्टेट और औद्योगिक पार्क विकास से जुड़ी कंपनी असेंडाज द्वारा उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश पर भी चर्चा हुई.
डेटा सेंटर और कौशल विकास पर सहयोग
बैठक में डेटा सेंटर, कौशल विकास और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर सहमति जताई गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य उन्मुख अवसंरचना के निर्माण पर ध्यान दे रही है, जिससे प्रदेश आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बने.
सिंगापुर दौरे पर अन्य निवेश समझौते
सिंगापुर दौरे के पहले दिन ही सरकार ने निवेश के मोर्चे पर कई महत्वपूर्ण पहलें कीं. लखनऊ में डेटा सेंटर स्थापित करने का आमंत्रण दिया गया. यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ 6,650 करोड़ रुपये के निवेश समझौते पर सहमति बनी. जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में 100 एकड़ में इंटरनेशनल थीम्ड टाउनशिप का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें लगभग 3,500 करोड़ रुपये निवेश और 12,000 रोजगार सृजन का अनुमान है.
कानपुर–लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ में लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने की योजना है, जिसमें 650 करोड़ रुपये निवेश और 7,500 रोजगार संभावित हैं. नोएडा/ग्रेटर नोएडा में 40 मेगावॉट क्षमता के हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क के लिए लगभग 2,500 करोड़ रुपये निवेश प्रस्तावित है. सरकार का मानना है कि इन प्रस्तावों से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. यह दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
सीएम योगी ने सिंगापुर के ITE का भी दौरा किया ताकि यूपी के युवाओं के कौशल विकास (Skill Development) के लिए सिंगापुर के मॉडल को अपनाया जा सके.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा! गहरी खाई में जा गिरी पिकअप वैन, 5 की मौत और 7 गंभीर रूप से घायल
