CM योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO जितेंद्र मिश्रा से भी मुलाकात की. CM योगी मंदिर समिति के अन्य सदस्यों से भी मिलने पहुंचे.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या दौरा किया. इस दौरान उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त पहले CEO जितेंद्र मिश्रा और मंदिर समिति के अन्य सदस्यों से मुलाकात की. CM योगी ने CEO मिश्रा और अन्य लोगों के साथ मंदिर में की पूजा-अर्चना भी की.
कई लोगों से की मुलाकात
आपको बता दें कि मंगलवार सुबह ही जितेंद्र मिश्रा ने राम मंदिर ट्रस्ट के CEO का पदभार संभाला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने और उनके लिए कई योजनाओं की शुरुआत करने के लिए अयोध्या आए थे. इस दौरान उन्होंने CEO मिश्रा के अलावा कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका, मदन मोहन पांडेय और कृष्ण मोहन से भी बातचीत की. इसके बाद CEO समेत मंदिर के अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की.
5 हजार से ज्यादा लोगों में हुआ चयन
महीने की शुरुआत में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भारतीय वायु सेना (IAF) के वरिष्ठ अधिकारी रहे जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का CEO नियुक्त किया है. उन्हें 5,000 से ज्यादा उम्मीदवारों में से इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए चुना गया.
अयोध्या शिफ्ट होंगे CEO
आपको बता दें कि नए CEO कई तरह के काम संभालेंगे, क्योंकि वे मंदिर के प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन को सुव्यवस्थित और मजबूत करने के लिए जिम्मेदार होंगे. ट्रस्टी महेश भागचंदका ने जानकारी दी है कि अब जल्द जितेन्द्र मिश्रा अयोध्या शिफ़्ट हो जाएंगे.
ये लोग बने नए ट्रस्टी
जितेंद्र मिश्रा की मुख्य जिम्मेदारियों में मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा, कर्मचारियों का प्रशासन, भक्तों के लिए सुविधाएं और विभिन्न विभागों व एजेंसियों के बीच समन्वय शामिल होगा. उनके अलावा महेश भागचंदका, मदन मोहन पांडे और निर्मला यादव को नए ट्रस्टी के रूप में नियुक्त किया गया, जिससे मंदिर की संचालन समिति में तीन खाली पद भरे गए। स्वामी गोविंद देव गिरि को महासचिव की भूमिका सौंपी गई, जबकि महेश भागचंदका ने मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष का पद संभाला.
