Yogi Ki Paati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ती गर्मी को लेकर प्रदेश वासियों के नाम चिट्ठी लिखी है. सीएम योगी ने लिखा कि मौसम की तरह फसलों का भी चक्र होता है. सीएम योगी ने अपनी पाती में लिखा कि प्रदेश के हर व्यक्ति का जीवन अनमोल है, इसलिए सरकार ने ठंड की तरह प्रचंड गर्मी की मार से बचाने की तैयारी की है.
सरकार की है तैयारी पूरी
ग्रीष्म ऋतु में बढ़ता तापमान हमें इसके दुष्प्रभावों से बचने व अपनी तैयारियां पूरी करने का संदेश दे रहा है. प्रदेश के हर व्यक्ति का जीवन अनमोल है, इसलिए सरकार ने ठंड की तरह प्रचंड गर्मी की मार से बचाने की तैयारी की है.शासन के हर स्तर पर समन्वित और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की गई है. रबी की फसलों की कटाई हो चुकी है और नई फसल की उपज एवं मौसमी फल आपका स्वाद बढ़ा रहे हैं. मौसम का चक्र अगर थोड़ा भी परिवर्तित हो जाए, तो बाढ़, सूखा, अकाल, महामारी मनुष्यों के लिए अभिशाप बन जाती हैं.
34,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की तैयारी-सीएम योगी
सीएम योगी ने बिजली के बारे में लिखते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ी है. पीक डिमांड को ध्यान में रखते हुए लगभग 34,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की तैयारी है. सभी थर्मल पावर प्लांट को उनकी पूरी क्षमता से संचालित करने की व्यवस्था की गई है. यूपी सरकार ने स्मार्ट मीटर पर लिखा कि “प्रदेशभर में पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने का कार्य तात्कालिक रूप से रोक दिया गया है.
निःशुल्क शीतल पेयजल की व्यवस्था
सीएम योगी ने लिखा कि हीट स्ट्रोक से प्रभवितों को तत्काल उपचार मिले, इसके लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की गई है. तहसील, थाने, अस्पताल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में निःशुल्क शीतल पेयजल की व्यवस्था की जा रही है. भीषण गर्मी के बीच पशुधन और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए प्राणि उद्यानों में हीट-वेव एक्शन प्लान के निर्देश दिए गए हैं. गोशालाओं में हरे चारे-चोकर एवं पानी की उचित व्यवस्था रहेगी.
स्वास्थ्य जांच शिविर स्थापित किए जाएंगे-सीएम
सड़कों पर पानी का छिड़काव, छायादार क्षेत्रों की व्यवस्था की गई है. श्रमिकों को थकावट, निर्जलीकरण व लू से बचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. औद्योगिक व निर्माण स्थलों पर स्वास्थ्य जांच शिविर स्थापित किए जाएंगे.
खास ख्याल रखें
एक दिन पहले भगवान श्री परशुराम का प्रकटोत्सव व अक्षय तृतीया उत्साह से मनाया गया. भगवान श्री परशुराम के आशीर्वाद से प्रदेश में सत्य, न्याय और धर्म की स्थापना हुई है, जो अक्षय है. घर के बाहर पशु-पक्षियों के लिए पानी रखें. आप भी पर्याप्त मात्रा में पानी, शिकंजी, छाछ या नारियल पानी पीते रहें. बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें. सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनें. सबसे आवश्यक बात, ऐसी कोई लापरवाही न करें, जिससे आग लगने का अंदेशा हो. अपना और अपनों का ख्याल रखें.
ये भी पढ़ें: महंत नरेंद्र गिरी केस: आरोपी संदीप तिवारी की जमानत पर हाईकोर्ट में आज ‘फाइनल’ सुनवाई, क्या मिलेगी राहत?
