राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में अज्ञात हमलावरों ने सो रहे दंपति के ऊपर हमला कर दिया. इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, वहीं उसा पति गंभीर रूप से घायल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

दिल्ली में सो रहे दंपति पर हमला
राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक अज्ञात हमलावरों ने यहां सो रहे दंपति के ऊपर हमला कर दिया. इस हमले में एक महिला की मौत हो गईं, वहीं उसका पति गंभीर रूप से घायल हुआ है. बताया जा रहा है कि दंपति गुब्बारों को बेचकर अपना गुजारा करता था. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई.
रात के समय किया हमला
यह पूरी घटना उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके की है. रविवार रात को यहां अज्ञात हमलावरों ने एक दंपति पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में महिला की मौत हो गई. महिला की पहचान 32 साल की महिला के रूप में हुई है. महिला का पति इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत खराब बताई जा रही है.
सूचना के बाद पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक रविवार रात लगभग 9.30 बजे घटना की सूचना मिली थी. जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर दंपति खून से लथपथ हालत में था, जिसके बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हमले में घायल व्यक्ति की पहचान 40 साल के आशु के रूप में हुई है. दोनों पति-पत्नी गुब्बारे बेचने का काम करते थे और रेलवे लाइन के पास ही सोते थे.
आरोपियों की हो रही पहचान
जांच में सामने आया है कि दंपति सो रहा था, इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने आशु पर हमला कर दिया, आशु को बचाने के लिए उसकी पत्नी भी बीच में आई. इसी दौरान हमलावरों ने चाकू से महिला के ऊपर कई हमले किए. जिसके बाद महिला और आशु दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले में लगातार जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कोशिश कर रही है.
