दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया, इसी दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह विवाद पड़ोसी से ही हुआ था, जिसने हिंसक रूप ले लिया.

प्रीत विहार में खूनी वारदात
दिल्ली के प्रीत विहार में सोमवार तड़के एक खौफनाक वारदात हुई है. यहां एक मामूली पार्किंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और इस विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है. स्थानीय लोगों के अंदर दहशत का माहौल बना हुआ है. जानकारी के मुताबिक इस मामले में सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
विवाद में बदली कहासुनी
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार के A-144 इलाके से रात में 2 बार PCR कॉल मिली थी. पहली कॉल 2.22 बजे और दूसरी कॉल 2.26 बजे मिली, जिनमें गोली चलने और झगड़े की सूचना पुलिस को दी गई थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने बताया कि पार्किंग को लेकर 2 पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी, जो कुछ ही समय में भारी विवाद में बदल गई.
व्यक्ति के सीने में मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहस से दौरान विवाद काफी बढ़ गया और इसी विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक विवाद के दौरान एक पक्ष में पंकज नैयर और उनके बड़े भाई पारस थे. वहीं दूसरे पक्ष में स्थानीय निवासी गौरव शर्मा था. इस विवाद में गौरव ने अपनी पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, यह गोली पंकज के सीने में जाकर लगी.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गोली लगने के कारण पंकज घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी तुरंत ही अपने साथियों के साथ फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और लगातार उसरी गिरफ्तारी के लिए कोशिश की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- सपनों की नींद चीखों में टूटी! आदर्श नगर में दंपति पर हमला; महिला की मौत, पति घायल
