पंजाब के जालंधर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, यहां पर गैस रीफिलिंग के समय में सिलेंडर फटने की वजह से एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया है. धमाका इतना तेज था कि आसपास में मौजूद घर धमाके की आवाज से पूरी तरीके से हिल गए.
जानकारी के अनुसार काफी दिनों से यह काम अवैध तरीके से हो रहा था. किराए के कमरे में रहने वाला युवक बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में अवैध रूप से गैस भरने का काम करता था. वह छोटे से बड़े सिलेंडर से गैस भर करके गैस चुराता था. इसी काम को करते समय सिलेंडर में से गैस लीक हो गई और बड़ा धमाका हो गया,
धमाका इतना तेज था कि घर में खाना बना रहा व्यक्ति बुरी तरीके से झुलस गया. वहीं, उसका दूसरा साथी मौके पर से ही फरार हो गया. घर में मौजूद सभी सामान जल कर राख हो गए. वहीं, लोहे का गेट उड़ गया और घर का सामान भी बुरी तरीके से जल कर राख हो गया. बुरी तरीके से झुलसे व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पर डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है.
मामले की जानकारी मिलते ही डिवीजन नंबर 1 की पुलिस भी मौके पर पहुंची. कमरे से जांच के दौरान रिफिलिंग पाइप, गैस सिलेंडर और इलेक्ट्रॉनिक तौलने वाली मशीन को बरामद किया गया है. मामले की गंभीरता से जांच करते हुए पुलिस फरार आरोपी और गैस एजेंसी की भी जांच कर रही है, जिसने युवकों से गैस सिलेंडर प्राप्त किए थे. मकान मालिक को भी शक के घेरे में रखा गया है. पुलिस मकान मालिक से पूछताछ कर रही है कि आखिर बिना सत्यापन किए किसी को कमरा कैसे दे दिया.
स्थानीय निवासियों का आरोप हैं कि काफी लंबे समय से यहां पर अवैध गैस निकालने का काम किया जा रहा था. हमेशा बहुत गंदी बदबू होती थी. घनी आबादी वाले इलाके में ऐसे काम को किया जा रहा था. पास में रेलवे स्टेशन भी हैं. अगर आग फैल जाती, तो जानमाल का खतरा हो सकता था. वहां के निवासियों का आरोप हैं कि कई बार शिकायत करने के बाद में भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
ये भी पढ़ें: संभल में बुलडोजर कार्रवाई! सरकारी जमीन पर किया था अवैध निर्माण; इमामबाड़ा और ईदगाह को किया ध्वस्त
