delhi aqi pollution diwali night: दिवाली की रात दिल्ली का औसत AQI 376 तक पहुंच गया, जो बीते 5 सालों में सबसे डरावना आंकड़ा है. सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह रही कि जब पटाखे जलाए जा रहे थे और प्रदूषण अपने चरम पर था, उसी समय दिल्ली के 59 में से 36 एयर मॉनिटरिंग स्टेशनों ने अचानक डेटा देना बंद कर दिया.

delhi aqi pollution diwali night: दिवाली बीतने के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा में एक बार फिर ज़हरीला धुआं और राजनीति दोनों तैरने लगे हैं. आंकड़ों के मुताबिक दिवाली की रात दिल्ली का औसतन AQI 376 तक पहुंच गया था. यह आंकड़ा पिछले 5 सालों में सबसे डरावना माना जा रहा है. लेकिन चिंता की बात यह है कि प्रदूषण का असली स्तर इससे भी कहीं ज्यादा हो सकता है. जिस वक्त आतिशबाजी हो रही थी और हवा सबसे ज्यादा ख़राब हो रही थी, उसी वक्त शहर के कई प्रदूषण मापने वाले स्टेशनों का डेटा अचानक गायब हो गया.
आधी रात को ठप पड़ गए 36 मॉनिटरिंग स्टेशन
दिल्ली के अंदर हवा की गुणवत्ता जांचने के लिए कुल 59 मॉनिटरिंग स्टेशन लगाए गए हैं. दिवाली की रात जैसे-जैसे आतिशबाजी बढ़ी, वैसे-वैसे स्टेशन एक-एक कर डेटा देना बंद करने लगे. शाम 7 बजे सिर्फ एक स्टेशन से डेटा नहीं आ रहा था. लेकिन रात 10 बजे यह संख्या 7 हुई और 11 बजे 23 तक पहुंच गई. आधी रात को 29 और देर रात 1 बजे तक 59 में से 36 स्टेशनों का डेटा मिलना बंद हो गया. यानी जब हवा सबसे ज्यादा ज़हरीली थी, तब महज 23 स्टेशन ही चालू हालत में थे.
एक्सपर्ट्स ने डेटा गायब होने पर उठाए गंभीर सवाल
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की कार्यकारी निदेशक अनुमिता रायचौधरी ने इस पूरी घटना पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने सवाल खड़ा किया कि जब जनता के पैसों से इतना बड़ा मॉनिटरिंग नेटवर्क तैयार किया गया है, तो ऐन वक्त पर यह बंद क्यों हो गया. उन्होंने कहा कि जब प्रदूषण अपने चरम पर होता है, तब लोगों को सतर्क करने के लिए सही डेटा की सबसे ज्यादा जरूरत होती है. डेटा का इस तरह गायब होना नागरिकों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है.
‘आप’ ने लगाया डेटा में हेरफेर का आरोप
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे सीधा ‘डेटा फ्रॉड’ करार दिया और आरोप लगाया कि असली प्रदूषण को कम करके दिखाने की साजिश रची जा रही है. भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि जहांगीरपुरी में लगे AQI मॉनिटरिंग स्टेशन के ठीक पास पानी का छिड़काव किया गया. ऐसा इसलिए किया गया ताकि वहां की हवा का आंकड़ा कागजों पर साफ और बेहतर दिखाई दे सके.
मंत्री कपिल मिश्रा ने दिए जांच के आदेश
मामला बढ़ता देख दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने उन सभी मॉनिटरिंग स्टेशनों की पूरी रिपोर्ट मांगी है जो दिवाली की रात काम नहीं कर रहे थे या जिनसे डेटा नहीं मिल पा रहा था. मंत्री ने आश्वासन दिया है कि इस पूरी लापरवाही की जांच की जाएगी. जो भी स्टेशन तकनीकी कारणों से बंद हुए थे, उन पर जवाबदेही तय होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सेहत पर मंडरा रहा खतरा और राजनीति चालू
दिवाली के बाद हर साल दिल्ली की हवा सांस लेने लायक नहीं रहती. इस बार मॉनिटरिंग स्टेशनों के बंद होने से लोगों के बीच असमंजस और डर का माहौल बन गया है. एक तरफ जहां लोग आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. अब देखना यह होगा कि बंद पड़े स्टेशनों की जांच रिपोर्ट में क्या सच्चाई निकलकर सामने आती है.
