एक तरफ जहां पूरा देश होली की तैयारियों में लगा हुआ था. तो वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का षडयंत्र रचा जा रहा था. दरअसल, दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है. जहां क्राइम ब्रांच ने एक्सपायरी खाने-पीने और कॉस्मेटिक सामान के साथ छेड़छाड़ करने वाले रैकेट पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, सबसे चिंता वाली बात तो ये हैं कि पकड़े गए प्रोडक्ट लोगों द्वारा पसंद किए जाने वाले पसंदीदा ब्रांड है. अगर समय रहते इस रैकेट का पर्दाफाश नहीं होता. तो लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था.
गंभीर बीमारियों की जड़
जानकारी के अनुसार पुलिस ने भारी मात्रा में दोबारा पैक और एक्सपायर्ड सामानों को जब्त किया है. पुलिस ने सबसे पहले ओमप्रकाश शर्मा नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था. उसके बाद दूसरे आरोपी अकरम अंसारी(38) को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूछताछ के दौरान मिली जानकारी पर दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर शहीद नगर के रस्तोगी कंपाउंड में स्थित गोदाम पर छापेमारी की गई. क्राइम ब्रांच द्वारा की गई छापेमारी में नामी ब्रांड के हेयर कंडीशनर, शैंपू, बेबी केयर प्रोडक्ट्स, सनस्क्रीन, एनर्जी ड्रिंक पाउडर, एंटीसेप्टिक लिक्विड, हेल्थ सप्लीमेंट, बॉडी लोशन और सैनिटरी पैड आदि मिले हैं. आधिकारियों ने बताया कि अगर ये खेप बाजारों में लोगों को बेची जाती, तो त्वचा रोग, फूड पॉयजनिंग और एलर्जी जैसी गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता था.
जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस को जांच में मिला कि आरोपी अकरम 15 सालों से कबाड़ी बेचने का काम कर रहा था. इसी दौरान कई जगहों से पुराने और एक्सपायरी सामान को इकट्ठा करता था. वह इन सभी प्रोडक्ट को सस्ते दामों में खरीद कर ओमप्रकाश तक पहुंचाता था, जिसके बाद सबसे अहम और लोगों को धोखा देना वाला काम किया जाता था. वह वहां पर उनके पुराने एक्सपायरी डेट वाले लेबल को हटाता और नई डेट को लगाता था. इसके बाद इन्हें बाजारों में बेचा जाता था. जानकारी के मुताबिक ये काम करीब दो सालों से किया जा रहा था.
ये भी पढ़ें: बाराबंकी में खूनी होली… मामूली विवाद पर जमकर चली लाठियां, 11 से ज्यादा घायल
