राजधानी दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार 1 अगस्त से DTC बसों में पिंक टिकट को बंद करने वाली है. अब महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करना होगा. 31 जुलाई तक महिलाओं को पेपर टिकट मिलता रहेगा.

बंद होगा DTC बसों में पिंक पेपर टिकट
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा फैसला किया है. दिल्ली में 1 अगस्त के बाद दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) बसों में पिंक टिकट बंद होने वाले हैं. अब 1 अगस्त से DTC बसों में पिंक सहेली NCMC कार्ड के जरिए महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा. जानकारी के मुताबिक अभी तक राजधानी में 15 लाख पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड्स को बनाया जा चुका है.
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाना जरूरी
जानकारी के मुताबिक 1 अगस्त के बाद भी अलग-अलग सेंटरों पर भी इन कार्ड को बनाने की प्रक्रिया जारी रहेगा. दिल्ली सरकार ने इसको लेकर एक बयान भी जारी किया है. दिल्ली सरकार का कहना है कि 1 अगस्त से DTC बसों में सफर करने वाली महिलाओं को फ्री यात्रा करने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को रखना और उसे टैप करना जरूरी होगा.
31 जुलाई तक मिलेगा पेपर टिकट
आपको बता दें कि एलिजिबल महिला पैसेंजर को 31 जुलाई तक पेपर पिंक टिकट मिलता रहेगा, लेकिन 1 अगस्त से यह व्यवस्था बदलने वाली है. 1 अगस्त से सिर्फ उन्हीं महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा, जिनके पास वैलिड पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा. अब महिलाओं को DTC और दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम (DIMTS) से चलने वाली बसों में चढ़ते और उतरते समय कार्ड को टैप करना पड़ेगा.
कैसे बनवाएं स्मार्ट कार्ड?
सहेली पिंक कार्ड को अप्लाई करने का ऑफलाइन प्रोसेस 3 मार्च 2026 से शुरू हो गया है. अभी तक DTC पिंक कार्ड को अप्लाई करने का कोई ऑनलाइन ऑप्शन नहीं है. आप कार्ड को DC ऑफिस, SDM ऑफिस या दिल्ली में मौजूद ऑथराइज्ड DTC सेंटर पर जाकर बनवा सकते हैं. अब पेपर पिंक टिकट की व्यवस्था को रेखा सरकार बंद करने जा रही है.
