राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बकरीद की रात में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया है. मामले में पूछताछ की जा रही है.

बकरीद पर परसा मातम
राजधानी दिल्ली में बकरीद की रात एक खौफनाक घटना हुई है. रात के समय घरों में जश्न का माहौल बना हुआ था और लोग अपने परिवार के साथ मिलकर त्योहार मनाते हुए खुशियां बांट रहे थे. इसी त्योहार के दौरान दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक दर्दनाक घटना हो गई. बताया जा रहा है कि जिस घर में बकरीद की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक से शोक की लहर दौड़ गई.
युवक की चाकू मारकर हत्या
जानकारी के मुताबिक जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र के सी ब्लॉक में बकरीद की रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुताबिक मृत युवक की पहचान 26 साल के अरबाज के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार को रात लगभग 11 बजे अपने घर के पास में मौजूद था. इसी दौरान युवक की इलाके के कुछ युवकों के साथ में बहस हो गई.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बताया जा रहा है कि मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया और युवकों ने अरबाज पर चाकुओं से हमला कर दिया. हमले में अरबाज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद तुरंत ही उसे अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि मृतक इलाके में ही एक सुनार की दुकान पर काम करता था.
3 नाबालिग हिरासत में
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के बाद 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया है. पुलिस इस घटना में भूमिका को लेकर उनसे पूछताछ कर रही है. फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस लगातार जांच कर रही है और जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस घटना के पीछे की असली वजह क्या थी.
यह भी पढे़ं- डोनाल्ड ट्रंप पहुंचे सिचुएशन रूम, ईरान की नौसैनिक घेराबंदी खत्म होने के संकेत के बीच दुनिया की सांसें थमीं
