Hapur Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में असली सेवा ढाबे के पास बरातियों से भरी स्कार्पियो गाड़ी के सामने अचानक गाय आ गई और गाय को बचाने के चक्कर में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार स्कार्पियो पलटकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पहुंची और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गई. हादसा स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के बाद हुआ. दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई.
तीन लोगों की मौत,कई की हालत गंभीर
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि दिल्ली के मुस्तफाबाद से बरात बिजनौर जा रही थी. हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतकों की पहचान सरफराज (45 वर्ष), अफजाल (37 वर्ष) और अबरार (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के रहने वाले थे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
कैसे हुआ हादसा?
घटना के संबंध में एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि शाम लगभग 8:15 बजे दिल्ली से बिजनौर जा रही स्कार्पियो कार के सामने अचानक गाय आ गई. गाय को बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रहे वाहन से टकरा गई. हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और घायलों का इलाज जारी है. जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया है.
मातम में बदली बरात की खुशियां
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल इस्तखार, अफरार, शाहबाज, जुबैर और सरताज सहित सभी 9 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हापुड़ और मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया है. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया. इस दर्दनाक हादसे से बरात की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
