UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में सोमवार को भारी बारिश, तेज आंधी का अलर्ट है. प्रदेश के कई जिलों में वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. IMD की मानें तो, अगले 14 घंटे कई इलाकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा के तट के पास बना निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है. सोमवार तक यह और मजबूत हो जाएगा. इसके बाद पारादीप एवं सागर द्वीप के बीच ओडिशा और बंगाल तट को पार कर आगे बढ़ने की उम्मीद है.
आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, पूर्वी हरियाणा और पश्चिमी यूपी में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. बिहार के आंतरिक हिस्सों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है. हालांकि, बिहार में अधिकांश स्थानों पर रुक-रुक कर होने वाली वर्षा का ही असर अधिक रहेगा.
यूपी के इन जिलों में होगी बारिश
इन जिलों में बारिश होने वाली है, उनमें बहराइच, लखीमपुर खीरी सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं आस पास के क्षेत्र हैं.
यूपी में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा और अगले कुछ दिनों के लिए बारिश का दौर फिर से शुरू होगा. सोमवार के लिए बहराइच और लखीमपुर खीरी में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा 17 जिलों में भारी बारिश और 48 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है.
क्या बोले वरिष्ठ वैज्ञानिक?
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि मानसून ट्रफ के फिर उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होगा. जिसकी वजह से 27 से 30 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: हापुड़ में नहाने की जिद बनी मौत की वजह! दोस्तों के सामने डूबा युवक, देर रात निकाला शव
