दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी और शव को बेड बॉक्स के अंदर छिपा दिया. जिसके बाद पुलिस ने महिला के शव को बरामद कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
युवक ने की गर्लफ्रेंड की हत्या
राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक पहले युवक ने अपनी महिला मित्र के हाथ और पैरों को बांधा जिसके बाद कंबल से मुंह दबा दिया और गला दबाकर हत्या कर दी. जब उसकी मौत हो गई तो शव को बेड बॉक्स के अंदर बंद कर दिया. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पीजी पर पहुंची पुलिस की टीम
आपको बता दें कि यह पूरा मामला 7 अप्रैल का है. मंगोलपुरी में पत्थर मार्केट में एक पीजी में यह घटना हुई है. 7 अप्रैल को मंगोलपुरी थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसके बाद पुलिस की टीम पत्थर मार्केट में मौजूद पीजी पर पहुंच गई. जिसके बाद जब पुलिस ने कमरे में रखे डबल बेड के बॉक्स को खोला, तो उसमें महिला के शव को ठूंसा हुआ था.
बॉयफ्रेंड संग पीजी आई थी महिला
महिला के माथे पर चोट के निशान थे और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे. शव बरामद होने के बाद मौके पर क्राइम टीम और FSL की टीम को भी बुला लिया गया. मृतका की पहान मंगोलपुरी की रहने वाली 35 साल की एक महिला के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक मृत महिला एक व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में थी और 7 अप्रैल को वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ शाम लगभग 4.30 बजे पीजी में गए थे.
पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार
पीजी पर आने के लगभग 1 घंटे बाद कमरे से युवक अकेला बाहर निकला, तो इस बात पर पीजी मालिक को शक हुआ. जिसके बाद उसने पुलिस को कॉल किया तो पूरी सच्चाई सामने आ गई. इस मामले में पुलिस ने FIR को दर्ज कर लिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड में महिला के 22 साल के बॉयफ्रेंड और उसके 2 दोस्तों को गिरफ्तार किया है. आरोपियो की पहचान सुरेंद्र उर्फ बॉबी, जोगिंदर और दीपक के रूप में की गई है. पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों को पता करने की कोशिश कर रही है.
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन बेटिंग ने बना दिया चोर! सट्टेबाजी में हारा पैसे तो कर दी लाखों की चोरी; युवक के पास से 23 लाख के गहने बरामद
