महाराष्ट्र के नागपुर से एक छात्र को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. युवक ऑनलाइन बेटिंग में काफी पैसा हार गया था, जिसके कारण उसने चोरी करने का रास्ता अपनाया था.
ऑनलाइन बेटिंग में फंस रहे युवा
भारत सरकार ने ऑनलाइन बेटिंग एप पर पूरी तरह से प्रतिबंध यानी कि रोक लगा दी है. हालांकि इसके बाद भी ऑनलाइन बेटिंग के जाल में देश के युवा लगातार फंस रहे हैं. हाल ही में एक ऐसा ही मामला महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आया है. नागपुर में एक डॉक्टरी की पढ़ाई करने वाले छात्र ने ऑनलाइन बेटिंग एप की लत में आकर चोरी करना शुरू कर दिया.
चोरी मामले में युवक गिरफ्तार
ऑनलाइन बेटिंग एप के जुनून ने छात्र को पढ़ाई की जगह चोरी के रास्ते पर उतार दिया. नागपुर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है और उसके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का माल भी जब्त किया है. पुलिस ने युवक के पास से लगभग 23 लाख रुपए का माल बरामद किया है और उसे जब्त कर लिया है. जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला नागपुर के रेलवे स्टेशन का है.
रेलवे स्टेशन पर हुई थी चोरी
रेलवे स्टेशन पर बीकानेर एक्सप्रेस पहुंची, इसी ट्रेन में छ्त्तीसगढ़ के रायपुर का रहने वाला चंदवानी परिवार भी सफर कर रहा था. जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर रुकी, तो महिला का बैग अचानक गायब हो गया. महिला ने अपना पर्स उसके सिरहाने रख रखा था, जिसमें सोने के गहनों के साथ 20 हजार रुपए नगद रखे थे. जिसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की थी.
रेलवे पुलिस ने किया गिरफ्तार
रेलवे पुलिस ने लगभग 9 दिनों तक इस मामले की जांच करते हुए 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई. एक युवक 7 अप्रैल को चोरी करने के इरादे से रेलवे स्टेशन पर घूम रहा था, इसी दौरान वह चेकिंग से भागने की कोशिश करने लगा. जिसके बाद रेलवे पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया.
डॉक्टरी की पढ़ाई करते है युवक
आपको बता दें कि आरोपी युवक महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले का रहने वाला है. आरोपी युवक की पहचान रोहित दूय्येवार के रूप में की गई है. युवक नागपुर के वेटरनरी कॉलेज में डॉक्टरी की पढ़ाई करता है. रेलवे पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक के पास से लगभग 23 लाख रुपए के गहनों को बरामद किया है. पुलिस बाकी के माल की तलाश कर रही है. जांच में पता लगा है कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग में काफी पैसा हारा था, जिसके चलते उसने चोरी करना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद जाने वालों को झटका! 2 महीने के लिए बंद हुई नोएडा सेक्टर-62 की सर्विस रोड; DMRC ने दी जानकारी
