नोएडा के सेक्टर-58 में मौजूद दिल्ली-मेरठ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नोएडा में भीषण सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक बार फिर से तेज रफ्तार का कहर दिखाई दिया है. नोएडा के सेक्टर-58 में मौजूद दिल्ली-मेरठ हाइवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में लगभग आधा दर्जन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि दिल्ली-मेरठ हाईवे पर मेरठ से दिल्ली वाले लेन पर एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई. जिसके बाद पिकअप सड़क के किनारे खड़े हुए ट्रक से जाकर टकरा गया.
सब्जी के ट्रक ने लोगों को उड़ाया
जब हाइवे पर पिकअप वाहन खड़े ट्रक से टकराया, तो वहां मौजूद दूसरे ट्रक ड्राइवर पिकअप चालक की मदद करने के लिए पहुंच गए. इसी दौरान एक सब्जियों से भरा हुआ तेज रफ्तार ट्रक आया और पिकअप चालक की मदद कर रहे लोगों को रौंद दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी ज्यादा भयंकर थी, कि वहां मौजूद लोग कई फीट ऊपर तक हवा में उड़ गए.
3 लोगों की हालत नाजुक
इस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे लोग मदद करने के लिए पहुंचे थे, इसी दौरान एक और ट्रक तेज रफ्तार के साथ आया और वहां खड़े लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में 4 लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं. घायल हुए लोगों में 3 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. एक व्यक्ति के पैर में कापी गंभीर चोटें आई हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने पूरे मामले की जांच को शुरु कर दिया है. अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में 3 की हालत काफी ज्यादा गंभीर है. बताया जा रहा है कि पिकअप ड्राइवर अमित को 3 ट्रक चालक बचाने के लिए गए थे, लेकिन पीछे से आ रहे सब्जी के ट्रक ने ड्राइवरों को टक्कर मार दी.
