उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक 3 साल के बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत हुई. जिसके बाद गुस्साएं लोगों ने पुलिस स्टेशन पर पथराव किया. इस मामले में पुलिस ने 51 नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
26 लोगों को किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक तीन साल के बच्चे की सड़क हादसे में मौत हो गई. इस हादसे के बाद में लोगों के अंदर गुस्सा फूट पड़ा है. इस हादसे के चलते इलाके में हालात काफी बेकाबू हो गए थे. जिसके बाद में पुलिस ने सड़क पर जाम लगाने और पुलिस स्टेशन के ऊपर पथराव करने के आरोप में 12 महिलाओं से साथ 26 लोगों को गिरफ्तार किया है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक पूरा घटना रविवार की है. रविवार को मुरसान थाने के इलाके में मौजूद किला मढैया गांव में एक बच्चे को कार ने टक्कर मार दी थी. कार के कुचलने के कारण उस बच्चे की मौत हो गई थी. जिसके बाद कार में सवार 2 लोगों को और कार के ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. जिसके बाद शिकायत के आधार पर मामले को दर्ज किया था.
पुलिस स्टेशन के बाहर किया प्रदर्शन
पुलिस के मुताबिक बच्चे के परिजनों और गांव के लोगों ने मुरसान पुलिस स्टेशन के सामने की सड़क को बुरी तरह से जाम कर दिया था और हिरासत में लिए गए लोगों को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिसकर्मी वहां मौजूद लोगों को इस मामले में हुई कार्रवाई के बारे में बता रहे थे, तो उसी दौरान कुछ लोगों ने पास में पड़े पत्थरों को उठाकर पुलिस स्टेशन के ऊपर पथराव शुरू कर दिया.
मामले में की जा रही आरोपियों की पहचान
इस पूरी घटना के बाद में पुलिस ने पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करने के आदेश दे दिए हैं. पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसी के साथ 51 नामजद लोगों के साथ 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामले को दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- नोएडा में तेज रफ्तार का कहर! दिल्ली-मेरठ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कई लोग घायल
