दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को लड़की को बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी लड़की को बेचने के लिए कुछ लोगों से बातचीत करके सौदा कर रहा था.
नौकरी का झांसा देकर हुआ खेल
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को धर दबोचा है, जो नौकरी के नाम पर दूसरे राज्यों से लड़कियों को बुलाता था और बेच देता था. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इसी के साथ पुलिस ने एक 17 साल की नाबालिग लड़की को भी बचा लिया है. बताया जा रहा है कि लड़की को नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया था.
घर पर बिना बताए निकली थी युवती
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला बिहार के दरभंगा की रहने वाली एक 17 साल की नाबालिग लड़की से जुड़ा हुआ है. 15 मार्च के दिन घर में उसका विवाद हो गया, जिसके बाद उसने दिल्ली जाने का फैसला किया और घर पर बिना बताए वह निकल गई. जिसके बाद दिल्ली में उसके जानने वाले एक व्यक्ति ने उसकी मुलाकात आरोपी से करवाई. जिसके बाद आरोपी ने उसे अपने जाल में फंसा लिया.
गलत काम करने की कोशिश
पीड़िता ने बताया कि दिल्ली पहुंचने पर शिवाजी दास नाम का व्यक्ति उसे स्टेशन लेने पहुंचा था. यह व्यक्ति लड़की के दोस्त का जानकार था. शिवाजी दास लड़की को अपने घर ले गया और उसके साथ गलत करने की कोशिश की. लड़की का आरोप है कि शिवाजी दास ने उसकी इज्जत लूटने की कोशिश की और अश्लील इशारे भी किए. आरोपी ने धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई तो वह उसे बदनाम कर देगा.
लड़की को बेचने के लिए कर रहा था सौदा
पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे एसएन मार्ग इलाके में ले गया और उससे पार्किंग में इंतजार करने के लिए कहा. जिसके बाद वह कुछ लोगों से बातचीत करने लगा. लड़की को शक हुआ तो वह वहां से भाग निकली और गश्त कर रही पुलिस की टीम के पास पहुंच गई. लड़की ने पुलिस को आपबीती सुनाई. जिसके बाद जब मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पूछताछ की, तो पता लगा कि आरोपी लड़की को बेचने के लिए बात कर रहा था. जिसके बाद पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बदला मौसम: तेज हवाओं के साथ हुई बारिश; लोगों को मिली गर्मी से राहत
