Rohini fire accident: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में मौजूद एक प्लास्टिक के गोदाम में आग लग गई. इस आग की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई. आग पास में मौजूद झुग्गियों तक पहुंच गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ है.

रोहिणी में प्लास्टिक गोदाम में लगी आग
दिल्ली के रोहिणी इलाके से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. रोहिणी इलाके के मांगेराम पार्क में देर रात एक प्लास्टिक के गोदाम में आग लग गई. आग लगने की जानकारी फायर ब्रिगेड विभाग को मंगलवार रात लगभग 1.30 बजे के आसपास मिली थी. सूचना मिलने के बाद तुरंत ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. जानकारी के मुताबिक गोदाम में मौजूद प्लास्टिक ने भीषण रूप ले लिया और पास की झुग्गियों तक पहुंच गई.
3 लोगों की जलकर मौत
रात के समय झुग्गियों में लोग गहरी नींद में सो रहे थे, जिसके कारण उन्हें संभलने का पर्याप्त समय भी नहीं मिला. जानकारी के मुताबिक इस घटना में 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों में एक पुरुष और एक महिला के साथ एक 2 साल का बच्चा शामिल है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक तीनों लोगों की मौत भीषण आग में झुलसने के कारण हुई है.
कबाड़ बीनकर गुजारा करता था परिवार
जानकारी के मुताबिक मृतक परिवार कबाड़ को बीनकर अपना गुजारा करता था और आग की चपेट में आने वाली झुग्गी में रहता था. मामले की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग की 7 गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया था. जिसके बाद फायर कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद सुबह लगभग 4 बजे आग के ऊपर काबू पाया गया. इस घटना के कारण झुग्गियां जलकर खाक हो गई हैं और काफी नुकसान हुआ है.
आग लगने के कारणों की हो रही जांच
घटना के बाद फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के पीछे के कारणों की जांच कर रहा है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या लापरवाही के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि जांच के बाद ही आधिकारिक पुष्टि की जा सकती है. इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर जलने के कारण मौत हो गई. आग लगने के कारण झुग्गियों में भी काफी नुकसान हुआ है.
यह भी पढ़ें- ‘पत्नी के साथ थे अवैध संबंध…’, युवक ने शक के चलते की दोस्त की हत्या, कुएं में फेंका शव
