झारखंड के दुमका जिले में गैस लाइटर से भरे हुए एक ट्रक में पीछे से आ रहे एक भारी वाहन ने टक्कर मार दी. जिसके बाद लाइटरों में भयंकर आग लग गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से झुलस गया है.
दुमका में भीषण सड़क हादसा
झारखंड के दुमका जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक कंटेनर में आग लग गई और कुछ ही समय में आग ने बड़ा रूप ले लिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं एक दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. जब इस हादसे की सूचना पुलिस को मिली, तो टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
गैस लाइटर से भरे ट्रक में लगी आग
जानकारी के मुताबिक दुमका जिले में गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बुधवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां शाम के समय सिगरेट लाइटर से भरे हुए एक ट्रक में पीछे से आ रहे पत्थर चिप्स से लदे हुए भारी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी ज्यादा तेज थी कि ट्रक में रखे हुए लाइटरों में तुरंत ही आग लग गई. देखते ही देखते आग ने भारी रूप ले लिया.
3 वाहन जलकर खाक
हादसे के बाद आग इतनी ज्यादा तेजी से फैली कि पास में खड़े 2 दूसरे मालवाहक वाहन भी आग की चपेट में आ गए. इस हादसे में कुल 3 वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गए हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जिसके बाद आसपास में मौजूद लोगों ने तुरंत ही बचाव कार्य शुरू कर दिया. जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई.
घायल को किया पश्चिम बंगाल रेफर
इस सड़ हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से आग में झुलस गया है. घायल को दुमका के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर होने पर पश्चिम बंगाल के बर्दवान स्थित हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. मृतक और घायल व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है.
