world first trillionaire: एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी ‘स्पेसएक्स’ के अमेरिकी शेयर बाजार में ऐतिहासिक आईपीओ की लिस्टिंग के साथ ही कंपनी की कुल वैल्यूएशन 1.75 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई है. इस धमाकेदार शुरुआत से एलन मस्क की कुल नेटवर्थ बढ़कर 1.1 ट्रिलियन डॉलर हो गई है, जिससे वे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनकर ताइवान और इजरायल जैसे कई विकसित देशों की जीडीपी से भी आगे निकल गए हैं.

world first trillionaire: दुनिया को अब अपना पहला ट्रिलियनेयर यानी एक लाख करोड़ डॉलर की संपत्ति वाला अमीर मिल चुका है. दिग्गज कारोबारी एलन मस्क की कुल नेटवर्थ बढ़कर अब 1.1 ट्रिलियन डॉलर (करीब 110 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गई है. मस्क की इस जादुई कामयाबी के पीछे उनकी अंतरिक्ष कंपनी ‘स्पेसएक्स’ का अमेरिकी शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री करना है. स्पेसएक्स ने अमेरिकी बाजार नैस्डैक पर ‘SPCX’ टिकर सिंबल के साथ लिस्ट होकर एक नया इतिहास रच दिया है. यह दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) साबित हुआ है.
इस ऐतिहासिक आईपीओ के जरिए स्पेसएक्स कंपनी ने बाजार से करीब 75 अरब डॉलर जुटाए हैं. आईपीओ के दौरान कंपनी ने अपने एक शेयर की कीमत 135 डॉलर तय की थी. बाजार में लिस्ट होते ही अब इस कंपनी की कुल मार्केट वैल्यू 1.75 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई है. इस बंपर लिस्टिंग का सीधा फायदा एलन मस्क को मिला और वे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए. इसके साथ ही स्पेसएक्स दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की टॉप लिस्ट में शामिल हो गई है.
स्पेसएक्स ने इस लिस्टिंग के साथ ही दुनिया में सबसे ज्यादा वैल्यूएशन हासिल करने का सऊदी अरामको का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. इससे पहले साल 2019 में सऊदी अरामको ने बाजार से 29 अरब डॉलर जुटाए थे. मगर स्पेसएक्स ने इस बार 75 अरब डॉलर जुटाकर नया कीर्तिमान बना दिया है. बाजार में इस आईपीओ की मांग इतनी ज्यादा थी कि निवेशकों ने तय शेयरों से चार गुना ज्यादा यानी करीब 300 अरब डॉलर के शेयर खरीदने की इच्छा जताई थी. कंपनी ने एक अनोखा कदम उठाते हुए इस आईपीओ का 30 फीसदी हिस्सा आम यानी खुदरा निवेशकों के लिए रिजर्व रखा था.
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक बाजार में स्पेसएक्स के शेयर का पहला ट्रेड 174 डॉलर पर शुरू होने की उम्मीद है. अगर ऐसा होता है तो यह निवेशकों को करीब 29 फीसदी का तगड़ा मुनाफा यानी प्रीमियम देगा. खबर लिखे जाने तक शेयरों की आम ट्रेडिंग शुरू होने में कुछ घंटों का समय बाकी था. आपको बता दें कि स्पेसएक्स कंपनी में अकेले एलन मस्क की हिस्सेदारी की कीमत ही 866 अरब डॉलर है. इस भारी भरकम हिस्सेदारी और टेस्ला जैसी अन्य कंपनियों के शेयरों को मिलाकर ही मस्क की कुल दौलत 1.1 ट्रिलियन डॉलर हुई है.
एलन मस्क की यह नई नेटवर्थ अब दुनिया के कई विकसित देशों की कुल अर्थव्यवस्था (जीडीपी) से भी कहीं ज्यादा हो चुकी है. आईएमएफ (IMF) के आंकड़ों को देखें तो ताइवान की पूरी जीडीपी लगभग 976.7 अरब डॉलर है. वहीं आयरलैंड की जीडीपी 779 अरब डॉलर और इजरायल की जीडीपी 719 अरब डॉलर के आसपास है. इसका मतलब यह हुआ कि एलन मस्क अकेले ही इन पूरे के पूरे देशों से ज्यादा अमीर हो चुके हैं और उनकी दौलत नया इतिहास लिख रही है.
