उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरीके का अपराध करने पर पुलिस सख्ती से पेश आती दिखाई देती है. यहां कोई भी बदमाश ज्यादा दिन पुलिस की चपेट से बाहर नहीं रह पाता है. बदमाशों के खिलाफ हमेशा यहां सख्ती के साथ कार्रवाई की जाती है. ऐसे में एक बार फिर उत्तर प्रदेश की पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है. दरअसल, 5 जनवरी दिन सोमवार की सुबह में सुल्तानपुर में एक लाख के इनामी बदमाश को पुलिस ने एनकाउंटर कर ढे़र कर दिया है. इनामी बदमाश का नाम आजम था. कई लोग उसको तालिब के नाम से भी जानते थे. 1 लाख का इनामी बदमाश लखीमपुर के गौरिया गांव के फरधान थाना क्षेत्र का रहने वाला था.
SP ने दी मामले की पूरी जानकारी
इस इनामी बदमाश को लखीमपुर-खीरी और सुल्तानपुर की पुलिस के साथ मिलकर ढे़र किया गया है. SP कुंवर सिंह ने इस सफल ऑपरेशन की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार के दिन लंभुआ थाना क्षेत्र से अपराधी की गतिविधियों के होने की जानकारी दी गई थी. इसके बाद लखीमपुर खीरी और सुल्तानपुर क्षेत्र की पुलिस ने एक टीम बनाकर इलाके में पूरी तरीके से घेराबंदी कर दी थी. घेराबंदी के बाद पुलिस और अपराधी दोनों के बीच जमकर फायरिंग हुई. फायरिंग के दौरान इनामी बदमाश को गोली लग गई. इसके बाद उसे अस्पताल ले कर जाया गया, तो वहां इलाज के दौरान ही उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था.
गंभीर मामलों को दे रखा था अंजाम
दरअसल, अपराधी ने 15 दिसंबर के दिन एक छात्रा के साथ रेप किया था. छात्रा 12वीं क्लास में पढ़ाई कर रही है. वह 15 दिसंबर के दिन जब कोचिंग जा रही थी. तब 3 लोगों ने उसे घेर लिया और गन्ने के खेत में छात्रा के साथ घिनौनी घटना को अंजाम दिया. इनमें से दो आरोपियों को लखीमपुर की पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था लेकिन मेन आरोपी उस दिन से पुलिस की चपेट से फरार चल रहा था.
रेप केस के साथ-साथ उस पर कई अन्य केस भी दर्ज थे. पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर किए आरोपी पर करीब 17 से ज्यादा गंभीर आरोप में केस दर्ज थे. मोस्ट वांटेड की लिस्ट में नाम शामिल था, जिसके बाद जैसे ही पुलिस को खुफिया तरीके से इसकी जानकारी मिली तो बिना किसी देरी के इसे पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें गोली लगने के कारण उसकी मौत हो गई.
