नोएडा में जारी कर्मचारियों का प्रदर्शन अब हरियाणा तक पहुंच गया है. फरीदाबाद में भी हजारों की संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं. फरीदाबाद में कर्मचारियों ने अपना काम छोड़ दिया है और अपनी मांगों के साथ सड़कों पर उतर आए हैं.

सेक्टर-62 में तोड़फोड़ और आगजनी
उत्तर प्रदेश के नोएडा में कर्मचारियों ने सैलरी बढ़ाने और कामकाजी हालातों को सुधारने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू किया, लेकिन अब यह प्रदर्शन काफी उग्र हो गया है. इस दौरान सोमवार सुबह के समय प्रदर्शनकारियों ने नोएडा के सेक्टर-62 में जमकर तोड़फोड़ की है. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. इस प्रदर्शन की चिंगारी अब नोएडा से लेकर हरियाणा तक पहुंच गई है.
फरीदाबाद में सड़कों पर उतरे कर्मचारी
कर्मचारियों का प्रदर्शन अब हरियाणा तक पहुंच गया है. फरीदाबाद के सेक्टर-37 में भी कर्मचारी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं. जानकारी के मुताबिक मदरसन कंपनी के हजारों की संख्या में कर्मचारियों ने काम छोड़ दिया है और हड़ताल पर बैठ गए हैं. इसी के साथ कई और कंपनियों के कर्मचारियों ने भी अपने काम को छोड़ दिया है और प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
सैलरी बढ़ाने की कर रहे मांग
कर्मचारियों का कहना है कि वे वेतन में देरी और दूसरी गड़बड़ियों के विरोध में हैं. कर्मचारियों का कहना है कि काफी समय से वे सभी सैलरी को बढ़ाने के लिए मांग कर रहे थे. कर्मचारियों का आरोप है कि महंगाई के बढ़ने के बाद मौजूदा सैलरी में गुजारा करना काफी मुश्किल हो गया है. कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी और श्रम विभाग उनकी शिकायतों को नजर अंदाज कर रहे हैं.
गुरुग्राम में भी हो चुका प्रदर्शन
अब कर्मचारियों का यह प्रदर्शन बढ़ता नजर आ रहा है. आपको बता दें कि नोएडा से पहले हालांकि यह प्रदर्शन हरियाणा से ही शुरू हुआ था. गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्र IMT मानेसर में भी कर्मचारियों ने काफी प्रदर्शन किया था. जिसके बाद हालातों को देखते हुए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी थी. आपको बता दें कि बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए थे. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की थी, हालांकि कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल इस्तेमाल करके उन्हें तितर-बितर किया था.
यह भी पढ़ें- सैलरी बढ़ाने की मांग ने थामीं शहर की सांसें! नोएडा में कई जगहों पर भारी जाम; इन जगहों पर जाने से साफ बचें
