गोंडा न्यूज: उत्तर प्रदेश के गोंडा के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर पार्टी के भीतर से ही तीखे तेवर अपनाए हैं. उन्होंने अयोध्या जाने वाले रास्तों पर लगाए गए बैरियर और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जताई है. बृजभूषण ने साफ कहा कि इन पाबंदियों का खामियाजा भाजपा को हालिया चुनाव में हार के रूप में भुगतना पड़ा है.
बीजेपी की हार का कारण आम आदमी का आक्रोश
पूर्व सांसद ने अपनी ही पार्टी की हार का विश्लेषण करते हुए कहा कि अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती और बाराबंकी में भाजपा की हार का बड़ा कारण यही आम जनता का आक्रोश है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ये रास्ते पिछले 6-7 साल से क्यों बंद थे? उन्होंने आरोप लगाया कि बैरियर के नाम पर भ्रष्टाचार भी हुआ, जहां पैसे देने पर रास्ते खोल दिए जाते थे. उनका कहना है कि अब जो रास्ते आवाज उठाने पर खोले गए हैं, वे पहले क्यों बंद थे?
आम आदमी को अयोध्या से काट दिया गया
बृजभूषण शरण सिंह ने पूर्व सांसद विनय कटियार के दावों का समर्थन करते हुए कहा कि, विनय कटियार जो सवाल उठा रहे हैं, वे 100% सही हैं. उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनने का सबसे ज्यादा लाभ तो दूर की बात, बल्कि देवीपाटन मंडल, बस्ती, फैजाबाद और बाराबंकी के लोगों को सजा मिली है. भारी सुरक्षा और जगह-जगह लगाए गए बैरियर के कारण आम आदमी भगवान राम के दर्शन करने से वंचित रह गया.
हमें तो दर्शन करने जाने ही नहीं देंगे, सब लठ्ठ बजा देंगे
बृजभूषण ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि वे अब तक राम मंदिर दर्शन करने नहीं गए हैं. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब विनय कटियार जैसे वरिष्ठ नेता से दर्शन के लिए ‘पास’ मांगा जा सकता है, तो उन्हें तो वहां जाने ही नहीं दिया जाएगा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हमें तो दर्शन करने जाने ही नहीं देंगे, सब लठ्ठ बजा देंगे. हमसे तो सब बहुत नाराज रहते हैं.
ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी को हाईकोर्ट से झटका, बागी विधायक ही रहेंगे नेता प्रतिपक्ष
