गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में एक निर्माणाधीन मॉल में 7 साल की बच्ची का शव बरामद हुआ है. बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है.

निर्माणाधीन मॉल में मिला बच्ची का शव
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है. गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के नंदग्राम थाना क्षेत्र में मौजूद एक निर्माणाधीन मॉल में एक 7 साल की बच्ची का शव बरामद हुआ है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि मृत बच्ची अपने परिवार के साथ इसी मॉल में रहती थी. बच्ची का परिवार मॉल के निर्माण में कार्यरत था.
रात में गायब हो गई बच्ची
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक बच्ची शुक्रवार रात लगभग 9 बजे अचानक से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने कई लोगों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश शुरू की. काफी समय तलाशी करने के बाद रात के लगभग 1 बजे बच्ची का शव मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर पड़ा मिला. इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज की FIR
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी. आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को पहले अपहरण करके या बहला-फुसलाकर ले जाया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. घिनौनी घटना के बाद निर्माणाधीन मॉल के तीसरे फ्लोर से बच्ची को नीचे फेंक दिया गया. फिलहाल अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस ने इस मामले में अपहरण, गैंगरेप, हत्या और POSCO एक्ट में FIR को दर्ज किया है.
कई संदिग्धों को हिरासत में लिया
मामले में जानकारी देते हुए एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि थाना नंदग्राम की टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है. पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया है. हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में कलह तेज! बघेल ने की चन्नी-रंधावा गुट से बैठक; अब आलाकमान सुझाएगा विवाद
