गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में बारिश के कारण सड़क का हिस्सा नीचे धंस गया. इस गड्ढे में एक कार और एक स्कूटी जा गिरी. घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला.

गाजियाबाद में बड़ा हादसा
देश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. इन दिनों लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण काफी परेशानियां हो रही हैं. कई जगहों पर लोगों का जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हुआ है. बारिश के कारण गाजियाबाद में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया है. यहां एक कार और एक स्कूटर अचानक गड्ढे में जा गिरे हैं, जिससे हड़कंप मच गया.
गड्ढे में गिरी कार और स्कूटी
जानकारी के मुताबिक वसुंधरा इलाके में अटल चौक के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया. इस गड्ढे में अचानक से एक कार और एक स्कूटर जा गिरे. बताया जा रहा है कि हादसे की जगह पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके कारण मिट्टी पहले से ही ढीली हो गई थी. गुरुवार तो हुई बारिश के कारण ढीली हुई मिट्टी खिसक गई और सड़क का हिस्सा नीचे धंस गया.
मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना के दौरान सड़क पर एक स्कूटी और टाटा पंच कार मौजूद थी. दोनों वाहन सीधे उसी गड्ढे में समा गए. इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और रास्ते पर आवाजाही को रोक दिया, जिससे किसी तरह की और घटना न हो पाए. कार को गड्ढे से बाहर निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया.
क्रेन की मदद से बाहर निकाली कार
क्रेन की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया. आपको बता दें कि बारिश के कारण गाजियाबाद और कई इलाकों में सड़क धंसने और गड्ढे होने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं. बारिश के पानी के कारण मिट्टी कमजोर हो रही है और निर्माण कार्यों के आसपास की सड़कों पर खतरा काफी बड़ गया है. गाजियाबाद में गड्ढे में गिरी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया है.
यह भी पढ़ें- एक दिन की देरी से आया मानसून! कवर कर लिया पूरा देश; IMD ने दिया बड़ा अपडेट
