Ghaziabad Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में खोड़ा के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. मुठभेड़ में थाना खोड़ा का एक सिपाही भी घायल हुआ है. असद मर्डर के बाद से ही फरार चल रहा था और उसके ऊपर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था. मृतक के परिजनों ने एनकाउंटर की मांग की थी.
पुलिस ने अब तक इस मामले में 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. इसके अलावा एक आरोपी अभी फरार है. डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि असद की गिरफ्तारी के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान वसुंधरा पुलिया के पास से एक बाइक पर दो संदिग्ध हुए दिखाई दिए. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे. पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें असद के गोली लगी. पुलिस ने उपचार के लिए असद को अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टर में उसे मृत घोषित कर दिया. मौके से मोटरसाइकिल और पिस्टल बरामद की गई है.
सूर्या चौहान हत्याकांड?
28 तारीख को खोड़ा थाना क्षेत्र में असद नामक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते सूर्या चौहान नाम के लड़के पर चाकू से हमला कर दिया था. उस दिन बकरीद थी. पुलिस ने बताया कि खोड़ा के नवनीत विहार में रहने वाले सूर्या को असद ने बुलाकर पूछा था कि कभी बकरा कटते हुए देखे हो. आओ दिखाता हूं… जब सूर्या ने इनकार किया तो असद ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसने चाकू निकाला और सूर्या के पेट में चार बार वार किए. गंभीर हालत में सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना खोड़ा में सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें कुल 5 अभियुक्तों को नामजद आरोपी बनाया गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था. आज असद भी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया.
ये भी पढ़ें: लखनऊ में दो जगह मुठभेड़, 3 अपराधी लंगड़ाए! चेन स्नेचर और छेड़खानी के आरोपी को पकड़ा
