उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक युवक अपनी पत्नी से परेशान होकर घर छोड़कर लापता हो गया. युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसे काफी प्रताड़ित करती है. युवक ने घर छोड़ने के बाद अपने भाई के मोबाइल पर एक वीडियो भी भेजा है.
पत्नी से तंग आकर छोड़ा घर
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक अपनी पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर घर छोड़कर भाग गया. जानकारी के मुताबिक घर से लापता होने से पहले युवक ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें उसने अपनी पत्नी के खिलाफ कई चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं. यह पूरा मामला पुलिस तक भी पहुंच गया है, जिसके बाद अब पुलिस लापता युवक की तलाश में जुटी है.
वीडियो में लगाए पत्नी के ऊपर आरोप
गाजीपुर के जखनिया गोविंद गांव में एक युवक अपनी पत्नी से परेशान होकर घर छोड़कर लापता हो गया है. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक की बाइक और कुछ बाकी सामान खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना के पास से बरामद हुए हैं. गायब होने के कुछ देर बाद युवक ने अपने भाई के मोबाइल पर एक वीडियो भी भेजा है, जिसमें उसने अपनी पत्नी के ऊपर आरोप लगाए हैं.
युवक के सिर पर बेलन से हमला
लापता और प्रताड़ित युवक की पहचान दिलीप कुमार के रूप में की गई है. युवक ने वीडियो में बताया कि उसकी पत्नी ने उसे कहा कि तुम कहीं भी जाकर मर जाओ, मुझे कोई मतलब नहीं है. मुझे बस पैसे चाहिए. युवक ने बताया कि इतना ही नहीं बल्कि रात के समय में पत्नी ने युवक के ऊपर बेलन से 10 बार सिर के ऊपर हमला भी किया. जिसके कारण वह घर से हमेशा के लिए जा रहा है.
आए दिन करती है डूब मरने की बात
युवक ने वीडियो में अपनी आपबीती सुनाई है. युवक ने बताया कि उसकी पत्नी उसे चैन से जीने नहीं दे रही है. वह हर दिन डूबने-मरने की बात करती है. युवक ने बताया कि वह रातभर परेशान करती रहती है. जिसके कारण वह अपनी जिंदगी खत्म करना चाहता है. वीडियो में युवक ने कहा कि मैं सबको छोड़कर जा रहा हूं, मैं न इज्जत के साथ जी पाया और न ही मर पाया.
1 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक दिलीप पेशे से वकील है और उसकी फोटो स्टेट की दुकान भी है. युवक की लगभग 1 साल पहले आडिला गांव की निवासी लड़की के साथ शादी हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच काफी विवाद चल रहा था. आरोप है कि युवक के ससुर भी उसे प्रताड़ित करते रहते हैं. बताया जा रहा है कि दिलीप सोमवार को जिला मुख्यालय गया था, जिसके बाद घर नहीं लौटा है. पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- सूरत में फैक्ट्री में लगी भीषण आग! लाखों का माल हुआ जलकर खाक; नहीं हुई जनहानि
