दिल्ली के हरिनगर इलाके से एक ऐसा मामला सामने आ रहा है, जिसने सभी को चौंका कर रख दिया है. दरअसल, यहां एक परिवार ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी है. साथ ही किसी को शक न हो, इसलिए जल्दबाजी में उसे दफनाने के लिए भी ले जाया जा रहा था. हालांकि, समय रहते पुलिस को किसी ने कॉल करके जानकारी दी, जिसके बाद में पुलिस तुंरत मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया.
दरअसल, 1 अप्रैल दिन बुधवार को 2 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक कॉल आई थी, जिसमें एक लड़के ने परिवार पर लड़की की हत्या का शक जताया. साथ ही शव को जल्दी से दफनाने के लिए भी ले जाने के बारे में बताया. कॉलर ने परिवार वालों की बेटी की हत्या करने के पीछे का कारण भी बताया. दरअसल, लड़की का रिश्तेदार के लड़के के साथ में प्रेम संबंध चल रहा था. परिवार उससे इस बात से बहुत ज्यादा नाराज था. पुलिस ने कॉलर से पूछा की उसे यह सारी जानकारी कैसे हैं, तो कॉलर ने बताया कि उसका कजिन मृत लड़की का करीबी दोस्त था. उसने ही कहा कि लड़की के साथ में कुछ गलत हुआ है.
मामले की जानकारी के बाद में हरि नगर थाने की पुलिस टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची. पुलिस ने देखा कि लड़की के शव को परिवार वाले दफनाने की तैयारी कर रहे हैं. लड़की के शव को दफनाने से रोका गया और उसे पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भेजा गया. साथ ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) को मौके पर जांच के लिए बुलाया गया.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद में सभी लोग चौंक गए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया कि लड़की की मौत दम घुटने की वजह से हुई है. पुलिस ने तुरंत परिवार वालों पर हत्या का केस दर्ज किया. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. साथ ही लड़की की हत्या के पीछे में कौन-कौन शामिल है. इसके पीछे की वजह भी जानने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: बिहार में जहरीली शराब का कहर? कई की मौत, कई की हालत गंभीर
