उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शादी के जश्न के दौरान लड़का और लड़की पक्ष के लोगों में कहासुनी हो गई. जिसके बाद देखते ही देखते यह कहासुनी लाठी-डंडों के हमलों में बदल गई.
शादी का जश्न बना रणभूमि
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक शादी समारोह का जश्न हिंसा में बदल गया. जानकारी के मुताबिक बारात के दौरान बाराती और लड़की पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते स्थिति खराब हो गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे जश्न का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया. बताया जा रहा है कि शादी की रस्में चल रही थीं और बारात की तैयारियां भी पूरी हो गई थीं.
लाठी-डंडों में बदली कहासुनी
जानकारी के मुताबिक भिक्कनपुर गांव से बारात गांगनोली गांव में आई थी. शाम लगभग 5 बजे के आसपास रिबन काटने की रस्म होने जा रही थी, इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते यह कहासुनी लाठी-डंडों के हमलों में बदल गई. इस दौरान शादी का माहौल पूरी तरह से तनाव में बदल गया. बताया जा रहा है कि वहां मौजूद लोग इस घटना के दौरान काफी दहशत में आ गए.
घायलों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
दोनों पक्षों में हुई इस झड़प के दौरान बाराती पक्ष का 18 साल का अभिनव और दूसरे पक्ष के ओपिन और विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद घायलों को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया. जिसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद अभिनव को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया. घटना में अभिनव की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को किया गिरफ्तार
इस घटना का वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है, जिसमें शादी के दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं. इस घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, तो टीम मौके पर पहुंच गई और मामले को शांत कराया. इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 2-2 लोगों को गिरफ्तार किया है और बाकी के लोगों को इस तरह की हरकत न करने की सलाह दी है. हालांकि शादी का माहौल था, तो दोनों पक्षों के बीच में समझौता हो चुका है.
यह भी पढ़ें- नकली तमंचे के दम पर ज्वेलरी शॉप में लूट! बुर्का पहनकर महिला ने लूटा जेवर; साथी के साथ बाइक से हुई फरार
