गोवा के असगांव इलाके में एक तेज रफ्तार थार ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई. वहीं कार सवार 2 लोगों को चोटें आई हैं.
गोवा में भीषण सड़क हादसा
गोवा के असगांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. असगांव इलाके में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने स्थानीय लोगों और टूरिस्टों को झकझोर कर रख दिया है. यहां मौजूद हैप्पी बार जंक्शन पर एक तेज रफ्तार थार SUV ने सामने से आने वाली एक कार को टक्कर मार दी. इस सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.
भोपाल के व्यक्ति की मौत
इस हादसे में मरने वाले युवक की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी 65 साल के भगतराम शर्मा के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि भगतराम अपने परिवार के साथ अपनी निजी हैचबैक कार से गोवा में घूमने आए थे. दोपहर के समय वे असगांव के हैप्पी बार जंक्शन से गुजर रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी में सामने से आ रही एक थार गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि थार गाड़ी किराए की थी.
5 महीने का नवजात बाल-बाल बचा
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला. इस हादसे में भगतराम को गंभीर हालत में पाया गया जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कार में मौजूद बाकी के 2 लोगों के भी चोटें आई हैं. वहीं 5 महीने का एक नवजात भी बाल-बाल बचा है.
किराए पर ली गई थी थार
स्थानीय लोगों ने बताया है कि थार में मौजूद युवतियों ने ड्राइवर सीट बदलने की कोशिश की, जिससे असली ड्राइवर को छिपाया जा सके. हालांकि इन सभी आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले में सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि थार को किराए पर लिया गया था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई को किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के पोते की मौत, दोस्तों के साथ गए थे हिमाचल घूमने, शिमला के लिए रवाना हुआ परिवार
