गोपालगंज में गैस सिलेंडर में आग लगने से 17 लोग बुरी तरह झुलस गए. इनमें से दो की मौत हो गई, वहीं घायल में छह लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. इन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
बिहार के गोपालगंज से एक हैरान कर देने हा मामला सामने आया है. यहां शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के विधानसभा क्षेत्र बैकुंठपुर में गैस सिलेंडर में आग लग गई. जानकारी के मुताबिक़ सिलेंडर का रेगुलेटर लगाने के दौरान गैस रिसाव के कारण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 17 लोग बुरी तरह झुलस गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
मृतकों में बच्चा भी शामिल
झुलसे हुए लोगों में से छह लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. जानकारी के मुताबिक़ इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसकी PMCH ले जाने के दौरान मौत हो गई. इसके कुछ ही देर बाद एक और घायल ने दम तोड़ दिया. आपको बता दे कि यह पूरी घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव की है. हादसे की सूचना मिलते ही गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ सदर अस्पताल पहुंचे.
जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
अस्पताल पर पहुँचे जिलाधिकारी ने घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और डॉक्टरों को इलाज में तेजी लाने के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. डीएम समीर सौरभ ने तत्काल इलाज के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था कराई. इसके बाद खुद अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली.
विधायक ने घायलों का जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही बैकुंठपुर के विधायक और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी देर रात सदर अस्पताल पहुँच गए. उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली. शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी पीड़ितों को बेहतर इलाज के लिए अगले दिन PMCH के बर्न वार्ड में शिफ्ट कराया जाएगा.
मुआवजा दिलाने की कही बात
मिथिलेश तिवारी ने इस पूरे हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि सुबह घटनास्थल पर जाकर पूरे मामले की जानकारी लेंगे. साथ ही, उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की बात भी कही. फिलहाल, इस हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है.
