विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं. समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची की खामियों को लेकर एक नया अभियान शुरू किया है. सपा का दावा है कि वह हर दिन मतदाता सूची की एक नई गलती को उजागर करेगी.
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) ने मतदाता सूची की खामियों को लेकर एक नया अभियान शुरू कर दिया है. पार्टी ने फैसला किया है कि वह हर दिन मतदाता सूची की एक नई विसंगति को सार्वजनिक करेगी. आपको बता दे कि सोमवार से ही इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है. इसमें सबसे पहले डुप्लीकेट मतदाताओं और नए मतदाताओं के नाम पर हो रहे फर्जीवाड़े पर फोकस किया जा रहा है.
कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रही सपा
जानकारी के मुताबिक़ सपा का उद्देश्य एक पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करना है. हर दिन एक नए मामले या विसंगति को जनता और मीडिया के सामने लाकर पार्टी एक ओर सरकार को घेरने की तैयारी में जुटी है, तो दूसरी ओर जमीनी स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय कर रही है.
नए मतदाता भी बनाए
आपको बता दे कि सपा का कहना है कि हाल ही में विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. इसमें अनुपस्थित, दूसरी जगह शिफ्ट हुए और मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. फॉर्म-6 भरवाकर नए मतदाता भी बनाए गए हैं. ऐसे में अब एक महीने के विशेष अभियान की जरूरत पार्टी को समझ में नहीं आ रही. पार्टी के मुताबिक़ खासकर तब, जब विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) भी होना है.
सत्ता पक्ष कर सकता गड़बड़
बताया जा रहा है कि SIR के दौरान कई मतदाताओं ने शहर और गांव दोनों जगह की सूची में अपना नाम होने पर शहर से वोट कटवा दिया. हालांकि वे शहर में ही रहते हैं. सपा को आशंका है कि बीजेपी इन मतदाताओं के नाम फिर से शहर में जुड़वा सकती है, जिससे वोट की डबलिंग दोबारा शुरू हो जाएगी और SIR पर खर्च हुए करोड़ों रुपये खराब हो जाएंगे. इस मामले को लेकर सपा के प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव ने कहा कि इस अभियान के दौरान सत्ता पक्ष बड़ी गड़बड़ कर सकता है. इसलिए पार्टी चुनाव आयोग के दफ्तर में लगातार जाकर अपनी बात रखेगी.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताई पूरी बात
वहीं, प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर में डुप्लीकेसी और एक से अधिक प्रविष्टियों को ख़ुद ही पकड़ने की मजबूत व्यवस्था है. उन्होंने बताया कि अगर कोई व्यक्ति किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में पहले से पंजीकृत मिलता है, तो सॉफ्टवेयर उसे मैच या संभावित डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित कर देता है.
