गिरिडीह में जुआ और शराब की लत के कारण एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली. उसने अपनी पत्नी से पैसे माने थे, जिस को लेकर पत्नी ने माना कर दिया. पत्नी के मना करने पर व्यक्ति ने ख़ुद को कमरे में बंद कर लिया और फाँसी लगा ली.
झारखंड के गिरिडीह जिले से दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां जुआ खेलने और शराब पीने की लत से परेशान एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. जानकारी के मुताबिक़ भरकट्टा ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह गांव में करीब 32 वर्षीय नरेश विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक ने पत्नी से जुआ खेलने और शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे. पत्नी ने पैसे देने से इनकार किया तो उसने आत्महत्या कर ली.
पत्नी से मांगे थे पैसे
जानकारी के मुताबिक नरेश विश्वकर्मा को जुआ खेलने और शराब पीने की लत थी. उसकी इस आदत से परिवार के लोग भी परेशान रहते थे. सोमवार की देर रात नरेश ने अपनी पत्नी अन्नू देवी से जुआ खेलने और शराब पीने के लिए पैसे मांगे. पत्नी ने घर में पैसे नहीं होने की बात कहते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया.
ख़ुद को कमरे में किया बंद
परिजनों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि नरेश शराब के नशे में घर पहुंचा और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया. काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर पत्नी को चिंता हुई. उसने इस संबंध में अपनी सास-ससुर और अन्य परिजनों को जानकारी दी.
सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस
बताया जा रहा है कि परिजनों और स्थानीय लोगों ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो नरेश को फंदे से लटका पाया. इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
