पटना में एक फाइनेंस एजेंट से करीब डेढ़ लाख रुपए की लूट हो गई. हालांकि एजेंट के चिल्लाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और लुटेरों को पकड़ लिया. ग्रामीणों ने आरोपियों को बिजली के पोल से बांधकर मार लगा दी. घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुँची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वह घटना सामने आई है. पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के जमुनापार में दिनदहाड़े लूट की वारदात हो गई. बाइक सवार दो युवकों ने एक फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट को हथियार के बल पर रोककर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया. जानकारी के मुताबिक़ घटना के बाद एजेंट के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों को बिजली के पोल से बांधकर उनकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले गई.
आरोपियों ने पीछा कर छीना बैग
जानकारी के अनुसार अन्नपूर्णा फाइनेंस कंपनी में काम करने वाला रिकवरी एजेंट ग्राहकों से लोन की किस्तों को वसूल रहा था. वसूली से मिले करीब डेढ़ लाख रुपये उसने अपने बैग में रखे हुए थे. इसके बाद वह मोटरसाइकिल से लौट रहा था. इसी दौरान दो युवकों ने उसका पीछा किया और जमुनापार के पास हथियार दिखाकर उसे रोक लिया. आरोपियों ने एजेंट से नकदी से भरा बैग और मोबाइल फोन छीन लिया.
ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ा
बताया जा रहा है कि लूट की घटना के बाद एजेंट ने शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भाग रहे दोनों युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को बिजली के पोल से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. गौरीचक थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. मामले में हथियार बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है.
