गोरखपुर में 10वीं के छात्र का शव चिलुआताल में उतराता मिला. इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शव को क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मामले में जांच शुरू कर दी गई है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पांच दिन से लापता एक 15 साल के छात्र का शव चिलुआताल में उतराता मिला. मृतक की पहचान प्रिंस निषाद के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक़ प्रिंस 10वीं कक्षा में स्कूल टॉपर था और 23 सितंबर की सुबह कोचिंग के लिए घर से निकला था. बताया जा रहा है कि इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी. पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की थी. सोमवार को चिलुआताल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए BRD मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.
देर शाम तक घर नहीं लौट छात्र
प्रिंस के परिवार ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि वह 23 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे बेतियाहाता स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकला था. इसके बाद देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने कोचिंग सेंटर और उसके दोस्तों से भी संपर्क किया, लेकिन छात्र के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद प्रिंस के पिता ने चिलुआताल थाने में शिकायत देकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने छात्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगालनी शुरू की.
शव के उतराने की मिली सूचना
मामले में जांच करते हुए पुलिस को प्रिंस के मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज क्षेत्र में मिली. इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया. इसके बाद पुलिस ने उस इलाके में आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू की. इसी बीच सोमवार शाम पुलिस को चिलुआताल में एक शव के उतराने की सूचना मिली. जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया. पहचान की प्रक्रिया में शव प्रिंस निषाद का निकला.
परिवार ने किया हंगामा
घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और करीब एक घंटे तक हंगामा किया. परिवार ने छात्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. मामले में पुलिस अधिकारियों ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, जिसके बाद परिजन शांत हुए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्र की मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.
प्रेम प्रसंग का भी है मामला
घटना के बाद प्रिंस के पिता ने आरोप लगाया कि उनका बेटा एक लड़की से फोन पर बात करता था. उन्होंने आशंका जताई कि इसी प्रेम-प्रसंग को लेकर उनके बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या की गई. जिसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया. पुलिस ने इस मामले में लड़की और उसके माता-पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस लड़की के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
