ग्रेटर नोएडा से एक अजीब मामला सामने आ रहा है. यहां एक युवती ने पहले अपने पार्टनर की चाकू से मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद अस्पताल में भर्ती कराया. घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र सेक्टर 150 की है. पुलिस को मामले की जानकारी अस्पताल वालों ने दी थी. दरअसल, जिस युवक की हत्या की गई वह कोरियन था और यहां युवती के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था.
युवक कोरियन और युवती मणिपुर निवासी
युवती मणिपुर की रहने वाली थी. अपराधी युवती की पहचान बिष्णुपुर जिले के खौपुम थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में की गई है. उसका नाम लुंजेना पामाई है. मृत युवक का नाम डक ही यूह था और वह साउथ कोरिया का नागरिक था. घटना की पूरी जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 4 जनवरी दिन रविवार को GIMS हास्पिटल से मेमो द्वारा जानकारी दी गई कि एक विदेशी व्यक्ति को मृत हालात में अस्पताल में लाया गया है, जिसके बाद तुरंत पुलिस तुरंत अस्पातल पहुंच गई और वहां पर ही आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ करने पर महिला ने दी वजह
पुलिस ने आरोपी युवती से पूछताछ के दौरान पाया कि दोनों पिछले 2 साल से एक दूसरे के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. कोरियन नागरिक हमेशा शराब के नशे में आकर युवती के साथ मारपीट किया करता था. जिस दिन युवक की हत्या की गई थी उस दिन भी दोनों ने शराब पी रखी थी. उस दिन दोनों के बीच फिर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसमें युवती ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी युवती का कहना है कि वह उसको जान से नहीं मारना चाहती थी. उसने नशे में मेंटली टार्चर और फ्रस्ट्रेशन में यह कदम उठाया था इसलिए चाकू मारने के बाद वह किसी को बताने या मदद लेने की बजाए सीधा अस्पताल ले आई. हालांकि, वहां पर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
मामले के फैलते ही सोसाइटी के लोग खौफ में
पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और उसकी गहन जांच करने में लगी हुई है. घटना के सभी पहलुओं को ध्यान से देखा जाएगा और उसके आधार पर ही फैसला लिया जाएगा. फ्लैट में फॉरेंसिक जांच की टीम को लेकर जाया गया. पूरे सोसाइटी में इस मामले को लेकर डर का माहौल बना हुआ है.
