तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण होने वाले सड़क हादसों की कई खबरें सामने आती हैं. एक ऐसी ही खबर उत्तर प्रदेश के इटावा से सामने आई है. इटावा जिले में रविवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति और उसके 2 नाबालिग बेटों की मौत हो गई.
तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में रविवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा होता है. आगरा-इटावा नेशनल हाईवे-19 पर एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर जा रही एक मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति और उसके 2 नाबालिग बेटों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद तुरंत ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी.
शाम करीब 7:30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक यह सड़क हादसा रविवार को शाम के करीब 7:30 बजे जसवंतनगर क्षेत्र के जमुना बाग के पास हुआ है. थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया है कि एक तेज रफ्तार से आने वाले डंपर ने पीछे से एक मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद मोटरसाइकिल पर सवार 3 लोग सड़क पर गिर गए और काफी गंभीर रूप से घायल हो गए.
ससुराल जा रहा था युवक
जिन लोगों की हादसे में मौत हो गई उनकी पहचान 40 साल के विनीत कुमार और उनके 2 बेटों के रूप में हुई है. मरने वाले बच्चों में एक 10 साल का मोहित और एक 8 साल का निशांत था. बताया जा रहा है कि वे फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र के कौरारी खेड़ा गांव के रहने वाले थे. पुलिस ने बताया है कि 40 साल के विनीत अपने बेटों के साथ में सैफई थाना क्षेत्र के भिडरुआ गांव में अपनी ससुराल एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.
डॉक्टरों ने घोषित कर दिया मृत
इस हादसे के बाद से पूरी सड़क पर हड़कंप मच गया और वहां से गुजरने वाले लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी. जिसके बाद तुरंत ही घायलों को पास के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने तीनों को मृत बता दिया. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद में तुरत ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.
