गुजरात के अमरेली जिले में एक ढाई साल के शेर की कुएं में गिरने के कारण मौत हो गई, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शेर खेलते हुए कुएं के पास आया था. वन विभाग की टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ढाई साल का शेर कुएं में गिरा
गुजरात से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. गुजरात के अमरेली जिले में लगभग एक ढाई साल का शेर एक कुएं में जा गिरा. कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गई. जब इस घटना की सूचना वन विभाग की टीम को मिली, तो टीम मौके पर ही पहुंच गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर शेर के शव को कुएं से बाहर निकाला. जिसके बाद शेर के शव को पोस्टमार्टम के लिए एनिमल केयर सेंटर में भेज दिया गया है.
खेलते समय कुएं में गिरा शेर
दरअसल यह पूरा मामला लिलिया तालुका के कानकोट गांव के पास मौजूद शेत्रुंजी नदी के पास का है. मामले की जांच में सामने आया है कि शेर खेलते समय या फिर पानी की तलाश में कुएं के पास में गया होगा, जिससे वहां जाकर उसका संतुलन खराब हो गया और वह कुएं के अंदर गिर गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद में वन्यजीव प्रेमियों के अंदर काफी नाराजगी देखी जा रही है.
वन विभाग ने शुरु कर दी जांच
इस मामले की जांच करते हुए वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकार के पीछे जाने जैसे कोई निशान नहीं मिले हैं. जिसके चलते यह मामला एक दुर्घटना का लग रहा है. माना जा रहा है कि यह दुर्घटना उस समय हुई, जब शेर का बच्चा खेलते समय कुएं के अंदर गिर गया. हालांकि इस मामले में वन विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों में नाराजगी
जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में अमरेली और आसपास के कुछ इलाकों में शेरों की मौत होने के कई मामले सामने आ चुके हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि शेत्रुंजी नदी के आसपास अमरेली से लेकर बृहद गिर क्षेत्र और लिलिया से पालीताना तक शेरों की काफी ज्यादा आवाजाही रहती है. इस हादसे के बाद से लोगों के अंदर काफी गुस्सा नजर आ रहा है.
यह भी पढें- क्या Apple की राह पर चलेगा Samsung? S26 Ultra में नहीं मिलेगा मैग्नेट सपोर्ट, कंपनी के एक फैसले ने चौंकाया
