Morbi second wife murder: गुजरात के मोरबी जिले में एक व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी की हत्या कर दी. आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया. आरोपी के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने शव को बरामद करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

व्यक्ति ने की दूसरी पत्नी की हत्या
गुजरात के मोरबी जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी दूसरी पत्नी की हत्या कर दी. व्यक्ति ने पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना मोरबी जिले के टंकारा क्षेत्र की है.
पहली पत्नी को लेकर हुआ था विवाद
घटना के आरोपी की पहचान टंकारा क्षेत्र के लजाई गांव के रहने वाले संजय कुमार के रूप में की गई है. व्यक्ति ने शकुबेन नाम की महिला के साथ दूसरी शादी की थी. जिसके बाद संजय की पहली पत्नी गंगा उसे छोड़कर चली गई थी. जिसके कारण परिवार में काफी तनाव बन गया था. इसी बात को लेकर अक्सर शकुबेन और संजय के बीच विवाद होता रहता था.
महिला के सिर पर किया हमला
घटना वाली रात दोनों के बीच भी पहली पत्नी को लेकर काफी विवाद हुआ था. इस विवाद के दौरान व्यक्ति ने शकुबेन से कहा था कि तुम्हारी वजह से मेरी पहली पत्नी मेरे बच्चों और मुझे छोड़कर चली गई. इसी दौरान विवाद काफी बढ़ गया और व्यक्ति ने गुस्से में आकर महिला के सिर पर जोरदार कर दिया. महिला के गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बेटे ने दी पुलिस को जानकारी
घटना के बाद आरोपी ने महिला के शव को छिपाने की योजना बनाई और अपने बेटे साहिल को घटना के बारे में बताया. उसने बेटे को धमकी दी कि अगर वह उसके साथ नहीं गया तो उसे जान से मार देगा. हालांकि इसके बाद भी बच्चा आरोपी के साथ नहीं गया. बच्चे ने देखा कि उसके पिता ने महिला का शव लजाई गांव के पास मौजूद भीमनाथ मंदिर के आगे बांध के पास बबूल की झाड़ियों में फेंक दिया. जिसके बाद आरोपी के बेटे ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. जिसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल! मिर्जापुर में दिन दहाड़े वकील की हत्या; CCTV फुटेज ने खोल दी सच्चाई
