हरियाणा के गुरुग्राम में एक युवक ने पैसे के लेन-देन के कारण दूसरे युवक की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
3 हजार रुपए के पीछे कर दी हत्या
हरियाणा के गुरुग्राम से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. गुरुग्राम के सेक्टर-14 इलाके में एक मामूली बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि एक युवक ने चाकू निकाल कर दूसरे युवक की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक पूरी वारदात 3 हजार रुपए को लेकर हुई है. पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद कहासुनी ने हिंसा का रूप ले लिया और युवक की हत्या कर दी गई.
दिसंबर में दोस्त ने उधार लिए थे पैसे
घटना में मरने वाले युवक की पहचान 17 साल के केशव के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि युवक कार शोरूम में कार करके परिवार को पालता था. वह गुरुग्राम के सुखराली गांव में किराए के कमरे में रहता था. इस बहस की शुरुआत केशव के दोस्त धीरज से हुई थी. बताया जा रहा है कि धीरज ने दिसंबर 2025 में मानू नाम के एक युवक से 3 हजार रुपए उधार लिए थे.
उधारी मांगने के दौरान हुआ था विवाद
मानू अपने उधार दिए गए पैसे लगातार वापस मांग रहा था, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. जानकारी के मुताबिक जब मानू पैसे वापस मांग रहा था, तो केशव ने अपने दोस्त धीरज का पक्ष ले लिया. इसी बात के कारण दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई. फोन पर बहस के बाद केशव मानू के कार्यस्थल पर पहुंच गया, जहां दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई.
चाकू से किया युवक पर हमला
बहस के दौरान मानू गुस्से में आ गया और उसने चाकू निकालकर केशव के ऊपर हमला कर दिया. जिससे केशव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में केशव की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत ही पहुंच गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच की और मानू को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस मामले मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें- रसोई तक जंग का असर! अगर खत्म नहीं हुआ युद्ध तो क्या होगा? किल्लत से निपटने को क्या कर रही सरकार?
