हापुड़: हापुड़ में चर्चित दो करोड़ रुपये के लूटकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस पूरी वारदात के पीछे का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि अमरोहा का एक निलंबित सिपाही निकला, जिसने जेल के अंदर अपना नेटवर्क बनाकर इस लूट की कहानी रची थी.
गौरतलब है कि बीते सोमवार को हापुड़ के नामी व्यापारी नरेंद्र अग्रवाल के घर में हथियारबंद बदमाशों ने देर रात धावा बोला था. बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कीं, जो लगातार सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश कर रही थीं.
पुलिस ने की घेराबंदी
रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश थाना देहात क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर मार्ग से गुजरने वाले हैं. सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर ली, जैसे ही बदमाश पुलिस को दिखाई दिए, तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुरादाबाद के साहिब-ए-आलम और रोहित के पैर में गोली लगी और दोनों घायल हो गए. जबकि तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया. वहीं, गिरोह का एक साथी अभी भी फरार है.
निलंबित सिपाही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया कि इस गिरोह की नींव जेल के भीतर पड़ी थी. मास्टरमाइंड निलंबित सिपाही विक्की नकली नोटों के मामले में जेल गया था, जहां उसकी मुलाकात साहिब-ए-आलम और श्याम जैसे शातिर अपराधियों से हुई. लूट की योजना को अंजाम देने के लिए एक अन्य युवक की मदद ली गई. व्यापारी के घर काम करने वाले राजमिस्त्री के बेटे टिंकू उर्फ पिंकू ने घर की रेकी की थी और व्यापारी के पास मौजूद कीमती सामान की जानकारी गिरोह तक पहुंचाई थी.
लूट में सोने-चांदी के आभूषण, 24 लाख रुपये की नकदी, चार तमंचे और आठ कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 24 लाख रुपये की नकदी, चार तमंचे और आठ कारतूस, वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं. पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी बदमाश शातिर अपराधी हैं. साहिब-ए-आलम पर पहले से हत्या का केस दर्ज है, वहीं रोहित सितंबर 2025 में मुरादाबाद के एक चर्चित हत्याकांड में भी आरोपी है. डीएसपी वरुण मिश्रा ने बताया कि फिलहाल पांचों आरोपियों से पूछताछ जारी है. गिरोह के एक फरार सदस्य श्याम की तलाश में दबिश दी जा रही है. जल्द ही शेष लूटा गया माल भी बरामद कर लिया जाएगा.
