उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक व्यक्ति ने 7 साल के बच्चे को चोर समझकर उसे 4-5 घंटों तक फ्रीजर के अंदर बंद रखा. पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
7 साल के मासूम को डाला फ्रीजर के अंदर
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र में एक दुकानदार ने 7 साल के मासूम बच्चे को काफी प्रताड़ित किया है. आरोप है कि दुकानदार ने उसे डीप फ्रीजर में बंद करके रखा. जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान आजाद के रूप में हुई है और उसने नाबालिग बच्चे को अपनी दुकान में मौजूद फ्रीजर में बंद कर दिया.
चोरी का लगाया आरोप
जानकारी के मुताबिक आरोपी आजाद ने इमरान नाम के व्यक्ति के बेटे के ऊपर आरोप लगाया कि उसने चोरी की है, जिसके बाद आरोपी ने बच्चे को अपनी डेंटिंग पेंटिंग की दुकान में लगे ठंडे फ्रीजर के अंदर डाल दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने बच्चे को लगभग 4-5 घंटों तक फ्रीज के अंदर बंद करके रखा. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
चाकू से गर्दन काटने की दी धमकी
इस मामले का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो तुरंत ही धौलाना पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी आजाद को गिरफ्तार कर लिया. पीड़ित बच्चे के पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने उनके बेटे को फ्रीजर में बंद रखा और उसे चाकू दिखाकर उसकी गर्दन काटने की धमकी भी दी. बताया जा रहा है कि मासूम फ्रीजर में बंद होने के बाद घंटों तक रोता रहा.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मासूम पीड़ित के पिता ने कड़ी सजा की मांग की है. धौलाना के थाना प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर जैसे ही मामले का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस की टीम ने तुरंत ही संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- नेतन्याहू का ‘सीक्रेट प्लान’ आया सामने! ईरान के खिलाफ गठबंधन बना रहा इजरायल; अरब देशों के साथ गहराता तालमेल
