उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में केजी की मासूम छात्रा के साथ दुष्कर्म की घिनौनी घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई. बच्ची के साथ स्कूल के बाथरूम में गलत हरकतों को अंजाम दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
केजी की छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से इंसानियत को तार तार कर देने वाला मामला सामने आया है. फतेहपुर में एक प्राइवेट स्कूल में केजी की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई. जानकारी के मुताबिक मासूम छात्रा स्कूल में अपना रिजल्ट लेने गई थी, इसी दौरान कक्षा 7 के एक 12 साल के छात्र ने उसे बहाने से बाथरूम में बुलाया. बाथरूम में बुलाने के बाद उसने गलत हरकत को अंजाम दिया.
छात्रा की मां ने पुलिस में दी तहरीर
जब छात्रा स्कूल से घर पहुंची तो उसके प्राइवेट अंग में तकलीफ हुई, जिसकी शिकायत उसने परिजनों से की. परिजनों ने तुरंत ही मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया. छात्रा की मां ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात छात्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. बताया जा रहा है कि इस मामले में स्कूल के स्टाफ पर भी आरोप लगा है.
स्कूल ने की मामला दबाने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक जब बच्ची स्कूल से घर वापस लौटी, तो उसने अपनी मां को पूरी बात बताई. बच्ची की बात सुनने के बाद परिजन तुरंत ही स्कूल पहुंच गए. परिजनों का आरोप है कि स्कूल के स्टाफ ने इस गंभीर मामले को दबाने की कोशिश की. जिसके बाद बच्ची की मां गुस्से में आकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गई और अज्ञात छात्र के खिलाफ लिखित तहरीर दी.
छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत ही कार्रवाई शुरू कर दी और छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया. फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है. बच्ची के मुताबिक आरोपी छात्र की उम्र लगभग 11-12 साल के आसपास बताई जा रही है. पुलिस स्कूल के सीसीटीवी के माध्यम से छात्र की पहचान करने में जुटी है.
यह भी पढ़ें- हापुड़ में हैवानियत की हदें पार! 7 साल के मासूम को समझा चोर; 5 घंटों तक रखा फ्रीजर के अंदर
