उत्तर प्रदेश से बेहद दर्दनाक मामला सामने आ रहा है. दरअसल, शुक्रवार के दिन हरदोई में स्थित एक पेपर कप फैक्ट्री में मजदूर की मशीन में गर्दन फंसने के कारण मौत हो गई है. घटना के बाद पूरे फैक्ट्री में दहशत का माहौल है. मामला कोतवाली क्षेत्र के अनंग बेहटा गांव के पास स्थित मजरा पंडित पुरवा की है. मृत युवक की पहचान बढ़ेयन पुरवा निवासी रेहान पुत्र आलम खान के रूप में की गई है.
गर्दन फंसने से मौत
जानकारी के अनुसार देर रात एक मजदूर मशीन पर काम कर रहा था. अचानक से ही उसकी गर्दन मशीन में फंस गई थी. किसी भी व्यक्ति को इसकी खबर लग पाती तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी. फैक्ट्री के मालिक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह थोड़ी देर के लिए बाहर गए हुए थे. जब वह वापस आए तो बहुत देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कुछ भी आवाज नहीं आई.
शीशा तोड़ मालिक अंदर गया
किसी भी तरीके की प्रतिक्रिया नहीं आने के बाद उन्हें शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पास में मौजूद खिड़की के शीशे को तोड़ा. अंदर की स्थिति को देख वह काफी ज्यादा घबरा गए. इसके बाद उन्होंने रेहान को जल्दी से मशीन बंद करके बाहर निकाला.
पुलिस को दी गई जानकारी
उसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद मृत के परिवार वालों को घटना की सूचना दी गई. हालांकि, अभी तक किसी पर भी परिजनों की तरफ से आरोप या शक नहीं जताया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के इंतजाम किस तरीके के है और घटना लापरवाही की वजह से हुई है किसी ने हत्या की है.
ये भी पढ़ें: सिलेंडर के दाम में आग: ₹900 के पार पहुँचा घरेलू गैस का भाव, कमर्शियल सिलेंडर पर भी ₹114.50 की मार
