हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दंपति ने अपनी 3 साल की बेटी के जन्मदिन के दिन बेटी के साथ आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि बेटी की गंभीर बीमारी से परिवार लंबे समय से काफी परेशान था.

दंपति ने की आत्महत्या
हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दंपति ने अपनी बेटी के साथ मिलकर आत्महत्या कर ली. बेटी की उम्र सिर्फ 3 साल थी. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना बेटी के जन्मदिन वाले दिन घटी है. जन्मदिन जैसा खुशियों भरा दिन मातम में बदल गया. इस घटना में मरने वाले लोगों की पहचान 30 साल के जतिंद्र कुमार 28 साल की उनकी पत्नी मंजू और 3 साल की बेटी अद्रिता के रूप में की गई है.
पुलिस को मिली सूचना
जानकारी के मुताबिक युवक रेलवे मेल सर्विस में काम करता था और प्रेम नगर कॉलेनी में रहता था. सोमवार को सुबह लगभग 6.30 बजे के आसपास सुभाष मंडी चौकी पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम नगर में मौजूद एक घर में 3 लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. जहां पुलिस को 3 लोगों के शव फांसी के फंदे से लटके हुए मिले.
बेटी की बीमारी से परेशान था परिवार
मामले की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दंपति अपनी बेटी की गंभीर बीमारी से काफी परेशान था. पुलिस का कहना है कि उम्मीद है कि मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया है. उन्होंने अपनी बेटी के साथ आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि बच्ची की बीमारी के चलते लंबे समय से परिवार परेशान था. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम में मचा हुआ है.
अपने जीजा को किया था मैसेज
घटना को लेकर मृतक जतिंद्र की बहन के ससुर ने बताया कि युवक ने घटना से पहले उनके बेटे को मैसेज किया था. उन्होंने बताया कि जतिंद्र ने लगभग 5.30 बजे मैसेज किया था, जिसके बाद वह तुरंत ही अपने ससुराल पहुंचा, लेकिन तब तक काफी देर हो गई थी. जब तक युवक ससुराल पहुंचा तब तक तीनों की मौत हो गई थी. फिलहाल पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री को खिलाई झालमुड़ी, कौन है झालमुड़ी वाला दुकानदार; कितने रुपए की करता है कमाई?
