उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने दंपति के साथ मारपीट की और उनकी कार रेलवे ट्रैक पर खड़ी कर दी. जिससे कार ट्रेन से टकरा गई, हालांकि लोको पायलट की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया.

कार से टकराई ट्रेन
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बड़ा हादसा होते-होते टल गया है. जिले में देर रात एक ट्रेन हादसे होने से साफ बच गया है. बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ दबंगों के एक दंपति के साथ मारपीट की, जिसके बाद उनका कार को एक रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया और फरार हो गए. आगरा फोर्ट एक्सप्रेस से कार टकराई, जिससे यात्रियों में तुरंत ही हड़कंप मच गया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हालांकि इस घटना के दौरान लोको पायलट ने तुरंत ही इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे हादसा टल गया. इस मामले में पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना जिले के मुरसान कस्बे की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि मुरसान कस्बे के खाई मोहल्ला में रहने वाले रतनलाल अपनी पत्नी के साथ में घर जा रहे थे, इसी दौरान यह घटना हुई है.
दबंगों ने रास्ते में रोककर की मारपीट
बताया जा रहा है कि रात लगभग 11 बजे जब रतनलाल मुरसान सब्जी मंडी के पास पहुंचे, उसी दौरान 5-6 लोगों ने उनकी कार को रोक लिया और लाठी-डंडों के साथ दंपति से मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि दबंगों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. रतनलाल ने बताया कि जब वो जान बचाने के लिए अपनी पत्नी के साथ कार से निकले, तो भानु और मोना नाम के व्यक्ति उनकी कार को लेकर फरार हो गए.
कार को रेलवे ट्रैक पर छोड़ा
कार को फरार करने के बाद आरोपियों ने उसे रेलवे ट्रैक पर खड़ा कर दिया. जिसके कुछ समय बाद मथुरा से हाथरस की ओर जा रही रामगनर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस कार से टकरा गई. हालांकि लोको पायलट ने समझदारी दिखाते हुए बड़ा हादसा होने से बचा लिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, रेलवे कर्मचारी और RPF और GRP मौके पर पहुंच गए. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
यह भी पढे़ं- कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर फ्रॉड! बैंक अकाउंट हो रहा खाली; लिंक पर क्लिक करते ही फोन हैक
